Captain Amarinder Singh के अगले कदम पर सबकी निगाहें, Punjab BJP ने कहा- पार्टी नीतियों में विश्वास करने वालों का स्वागत

कांग्रेस में मचे घमासान के बाद पंजाब सीएम पद से इस्तीफा देने को मजबूर हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह खासे आहत हैं। वहीं पंजाब भाजपा का कहना है कि पार्टी में हर उस नेता का स्वागत है जो पार्टी की नीतियों पर विश्वास करता है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 02:04 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 02:34 PM (IST)
Captain Amarinder Singh के अगले कदम पर सबकी निगाहें, Punjab BJP ने कहा- पार्टी नीतियों में विश्वास करने वालों का स्वागत
कैप्टन अमरिंदर सिंह व अश्वनी शर्मा की फाइल फोटो।

कैलाश नाथ, चंडीगढ़। कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा में जाएंगे या नहीं, इसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। सबकी निगाहें कैप्टन अमरिंदर सिंह पर लगी हैं। वहीं, भाजपा के पंजाब प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा का कहना है कि जिसका भी भाजपा की नीतियों में विश्वास है, उसका पार्टी में स्वागत है। हालांकि शर्मा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के बारे में कुछ भी नहीं कहा।

कांग्रेस द्वारा एससी वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने पर अश्वनी शर्मा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि कांग्रेस पार्टी में एससी वर्ग के लिए कोई प्रेम जाग गया है। यह एक मजबूरी में लिया गया फैसला है। कांग्रेस ने अपनी पार्टी को टूटने से बचाने के लिए एससी वर्ग के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शपथ भी नहीं ली थी कि कांग्रेस के पंजाब प्रदेश प्रभारी हरीश रावत का बयान आ गया कि 2022 का चुनाव नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। चन्नी तो केवल नाइट वाचमैन हैं।

मुख्यमंत्री बनने से पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी द्वारा यह कहा जाना कि पंजाब में पगड़ीधारी को ही मुख्यमंत्री बनाना चाहिए, इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने एक नई राजनीति को जन्म दिया है। कांग्रेस ने पंजाब में सिख और हिंदू को लड़ाने की कोशिश की है, जबकि पंजाब में रहने और गुरु परंपरा में विश्वास रखने वाला पंजाबी है।

बता दें, पंजाब सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद से कैप्टन अमरिंदर सिंह लगातार आक्रामक हैं। कैप्टन को जिस तरह से पार्टी ने इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया उससे वह आहत हैं। कैप्टन का कहना है कि वह फौजी हैं और चुप बैठने वाले नहीं हैं। अब सबकी निगाहें कैप्टन अमरिंदर सिंह के अगले कदम पर टिकी हुई हैं। जिस तरह से चरणजीत सिंह चन्नी कैप्टन के नजदीकी अफसरों व नेताओं को किनारे कर रहे हैं उससे कैप्टन और आक्रामक नजर आ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी