प्रशासन ने नगर निगम को दिया झटका, वी-6 रोड पर घरों के बाहर नहीं लगेंगे पेवर ब्लॉक

अब घरों के बाहर वी-6 रोड पर पेवर ब्लॉक नहीं लगेंगे। प्रशासन ने नगर निगम को इसके लिए इन्कार कर दिया है।

By Edited By: Publish:Tue, 22 Jan 2019 10:50 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jan 2019 12:53 PM (IST)
प्रशासन ने नगर निगम को दिया झटका, वी-6 रोड पर घरों के बाहर नहीं लगेंगे पेवर ब्लॉक
प्रशासन ने नगर निगम को दिया झटका, वी-6 रोड पर घरों के बाहर नहीं लगेंगे पेवर ब्लॉक

जेएनएन, चंडीगढ़। अब घरों के बाहर वी-6 रोड पर पेवर ब्लॉक नहीं लगेंगे। प्रशासन ने नगर निगम को इसके लिए इन्कार कर दिया है। ऐसे में नगर निगम के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि नगर निगम ने वी-6 रोड पर पार्किंग की दिक्कत दूर करने के लिए पेवर ब्लॉक लगाने की पॉलिसी बनाई थी। वास्तुकार विभाग के अनुसार मास्टर प्लान 2031 में वी-6 रोड के किनारों पर पेवर ब्लॉक नहीं लग सकते हैं और शहर में अधिकतर इन एरियों पर अतिक्रमण भी हुआ पड़ा है। ऐसे में यहां पर पेवर ब्लॉक लगाने का कोई फायदा भी नहीं है।

पॉलिसी पर प्रशासन ने जताई है आपत्ति

नगर निगम ने पेवर ब्लॉक लगाने के लिए जो पॉलिसी बनाई थी, उस पर प्रशासन ने कई पहलूओं पर आपत्ति लगा दी है।वी-6 रोड के किनारे पर पेवर ब्लॉक लगाने से पार्षदों की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि हर पार्षद अपने वार्ड के रिहायशी इलाकों के वी-6 रोड के किनारों पर पेवर ब्लॉक लगाने के प्रस्ताव पास करवाना चाहते हैं। पेवर ब्लॉक लगाने से यहां पर रात के समय वाहन पार्क हो जाते हैं। लेकिन अब प्रशासन की आपत्ति लगने के बाद नगर निगम ने वी-6 रोड पर लगने वाले सभी पेवर ब्लॉक के प्रस्ताव पास होने से रोक लिए हैं, यहां तक कि जो प्रस्ताव पास हो चुके हैं, उन्हें भी चीफ इंजीनियर मनोज बंसल की ओर से रोक लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि पेवर ब्लॉक लगने से लोगों के पैदल चलने की जगह नहीं बच पाती है।

नगर निगम ने वी-3 पर लगा रखी है पाबंदी

इसके साथ ही प्रशासन ने वी-4 और वी-5 रोड पर भी दीवार से छह फुट की जगह छोड़कर पेवर ब्लॉक लगाने की मंजूरी दी है। जबकि वी-3 रोड पर पेवर ब्लॉक लगाने पर पहले से नगर निगम ने पाबंदी लगाई हुई है। मालूम हो कि इस समय भी शहर में सबसे ज्यादा पेवर ब्लॉक लगे हुए हैं, जिस कारण बारिश के पानी की निकासी भी नहीं हो पाती है। प्रशासन ने नगर निगम को यह भी कहा है कि शहर में लगे पेड़ों से कुछ दूरी छोड़कर पेवर ब्लॉक लगाए जाएं।

ग्रीन पेवर पर भी जताई है आपत्ति

प्रशासन ने पार्को के बाहर लगाने वाले ग्रीन पेवर पर भी आपत्ति जताई है। नगर निगम ने पार्कों के बाहर 12 फुट तक ग्रीन पेवर लगाने की पॉलिसी बनाई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह नीतिगत फैसला है और पूरी रोड बर्म को इस तरह से पेवर से नहीं भरा जा सकता। नगर निगम के अनुसार ग्रीन पेवर लगने से उन पर वाहन पार्क हो पाएंगे। जबकि प्रशासन के वास्तुकार विभाग ने ब्यूटीफिकेश्न के लिए लगाए जाने वाले कंक्रीट और स्टांप पेवर लगाने पर अपनी मंजूरी दे दी है। नगर निगम ने यह पेवर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लगाने का फैसला लिया है। एक एरिया में कामयाब होने के बाद इन्हें फिर दूसरी जगह पर लगाए जाएंगे। चीफ इंजीनियर मनोज बंसल का कहना है कि प्रशासन ने वी-6 रोड पर पेवर ब्लॉक लगाने पर आपत्ति जताई है। इसके बावजूद फिर से वास्तुकार विभाग को पत्र भेजा गया है।

पहले हुए पास पेवर ब्लॉक लगने चाहिए

वी-6 रोड पर पेवर ब्लॉक लगाने के लिए पूर्व मेयर आशा जसवाल ने चीफ इंजीनियर मनोज बंसल से मुलाकात की। आशा जसवाल का कहना है कि आपत्ति लगाने से पहले जो पेवर ब्लॉक लगाने के प्रस्ताव पास हो चुके हैं, उन्हें नहीं रोकने चाहिए। उनका कहना है कि रिहायशी इलाके में पेवर ब्लॉक लगने से पार्किंग की दिक्कत दूर होती है।

पहले से लगे हैं पेवर, अब लगनी चाहिए पाबंदी

पर्यावरण प्रेमी राहुल महाजन का कहना है कि पहले से शहर में करोड़ों रुपये के पेवर ब्लॉक लगने से खामियाजा यह है कि शहर के पानी का ग्राउंड लेवल निरंतर गिरता जा रहा है। इसके अलावा शहर की हरियाली भी पेवर ब्लॉक लगने से निरंतर कम हो रही है। इंजीनियरिंग विंग ने पहले से ही पूरे शहर को कंक्रीट में तबदील कर दिया है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी