चंडीगढ़ में डेढ़ करोड़ की ठगी का आरोपित तीन साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, हिमाचल से गिरफ्तार

चंडीगढ़ में कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोपित जिसेे अदालत भगोड़ा घोषित कर चुकी है उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से पकड़ा है। आरोपित की पहचान अमित शर्मा के तौर पर हुई है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 10:46 AM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 10:46 AM (IST)
चंडीगढ़ में डेढ़ करोड़ की ठगी का आरोपित तीन साल बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, हिमाचल से गिरफ्तार
आरोपित को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ज्यादा मुनाफा दिलवाने के नाम पर बैंक में पैसा इन्वेस्ट करवा शहर में कई लोगों से एक करोड़ 53 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को अदालत भगोड़ा घोषित कर चुकी है। आरोपित को आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपित अमित शर्मा को जिला अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड में लिया है। आरोपित को कोर्ट ने वर्ष 2018 में भगोड़ा करार किया था।

चंडीगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा इंचार्ज इंस्पेक्टर जयवीर राणा को आरोपित के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। राणा ने टीम के साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में आरोपित को ट्रेस कर वहां रेड की। पुलिस के अनुसार मनीमाजरा के रहने वाली कृष्ण लता शर्मा की शिकायत पर साल 2017 में आरोपित अमित शर्मा, अरुण सलूजा और प्रीति सलूजा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता कृष्णा लता शर्मा ने बताया था कि अरुण सलूजा के माध्यम से आइसीआइसीआइ बैंक में 13 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। आरोपित अमित शर्मा ने उनसे दो ब्लैंक चेक साइन करके ले लिए थे। इसके बाद अरुण सलूजा ने पत्नी प्रीति सलूजा और कर्मचारी अमित शर्मा के साथ मिलकर उसके रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। प्रीति सलूजा के बैंक खाते में छह लाख 50 हजार और अमित शर्मा के खाते में 65 हजार रुपये निकाल लिए। इसी तरह आरोपित ने दूसरे लोगों के खाते से कुल मिलाकर एक करोड़ 53 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही अरुण सलूजा और प्रीति सलूजा को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद वे जमानत पर बाहर आए हैं। वहीं, तीसरा आरोपित अमित शर्मा पुलिस से बचकर तीन साल के इधर उधर छुप रहा था, जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार किया है। 

chat bot
आपका साथी