हरमोहन धवन की AAP से मिटीं दूरियां, छाबड़ा संग डेढ़ घंटा बैठक के बाद दूर हुए मतभेद, अब चंडीगढ़ में होंगे सक्रिय

इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि हरमोहन धवन आम आदमी पार्टी से नाराज हैं और वह आने वाले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के साथ अपने विकास मंच का गठबंधन करके चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने हरमोहन धवन को मना लिया है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 02:56 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 02:56 PM (IST)
हरमोहन धवन की AAP से मिटीं दूरियां, छाबड़ा संग डेढ़ घंटा बैठक के बाद दूर हुए मतभेद, अब चंडीगढ़ में होंगे सक्रिय
पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन, प्रदीप छाबड़ा और पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह एकसाथ प्रेस वार्ता करने जा रहे हैं।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। जैसे जैसे नगर निगम चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे वैसे ही आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मजबूत होती जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि दूसरे दलों के नेता और कार्यकर्ता आप में शामिल हो रहे हैं। वहीं, जो नेता पार्टी से दूरी बनाए हुए थे अब वह भी वापसी की राह पर हैं।

लंबे समय से आम आदमी पार्टी से दूरी बनाए हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन अब जल्द ही पार्टी के सभी कार्यक्रमों में दिखेंगे और हरमोहन धवन अब निगम चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी करेंगे। धवन के पार्टी में सक्रियता से आप को और ज्यादा मजबूती मिलेगी।

बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव से ही हरमोहन धवन आम आदमी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो रहे थे। उन्होंने अपना चंडीगढ़ विकास मंच का भी गठन कर लिया था। मंगलवार को सेक्टर-9 स्थित धवन के निवास स्थान पर प्रदीप छाबड़ा और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन की डेढ़ घंटे तक बैठक हुई। बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन, प्रदीप छाबड़ा और पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह एकसाथ प्रेस वार्ता करने जा रहे हैं।

धवन के कांग्रेस में जाने की अटकलों पर लगा विराम

इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि हरमोहन धवन आम आदमी पार्टी से नाराज हैं और वह आने वाले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के साथ अपने विकास मंच का गठबंधन करके चुनाव लड़ेंगे। अब इन अटकलों पर विराम लग गया है। सूत्रों का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने हरमोहन धवन को मना लिया है। इससे पहले सोमवार को सेक्टर-35 में कांग्रेस के आठ सीनियर नेताओं को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाया गया था, उस समय पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के बेटे विक्रम धवन भी मौजूद थे।

कांग्रेस के नेताओं की धवन से हुई थी बैठक

2019 के लोकसभा चुनाव में हरमोहन धवन ने आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ा था। वह चुनाव हार गए थे। उन्हें कुल 13,000 वोट मिले थे। ऐसे में अब हरमोहन धवन के फिर से आम आदमी पार्टी में सक्रिय होने से आप को मजबूती मिली है और कांग्रेस को एक और झटका दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि धवन की आने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर गठबंधन पर कांग्रेस के सीनियर नेताओं के साथ बैठक हो चुकी थी, लेकिन अब धवन आम आदमी पार्टी के लिए ही काम करेंगे। कांग्रेस में इस समय धवन को लेकर काफी चर्चा थी कि उन्हें या तो कांग्रेस में शामिल करवा लिया जाए या उनके मंच के साथ गठबंधन कर लिया जाए, लेकिन अब आम आदमी पार्टी ने हरमोहन धवन को एक तरह से मना लिया है और हरमोहन धवन ने भी आप के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला कर लिया है।

आप को मजबूत करने में जुटे छाबड़ा

मंगलवार को हरमोहन धवन और प्रदीप छाबड़ा की हुई बैठक में संगठन को मजबूत करने के अलावा निगम चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों पर भी चर्चा की गई है। इस समय कांग्रेस छोड़कर आए प्रदीप छाबड़ा आम आदमी पार्टी को लगातार मजबूत करने में जुटे हुए हैं। क्योंकि इस समय उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। प्रदीप छाबड़ा के आम आदमी पार्टी में आने के बाद ही आप ने नगर निगम चुनाव मजबूती से लड़ने का निर्णय लिया है।

chat bot
आपका साथी