पंजाब में कोरोना से एक ही दिन में 56 मरीजों की मौत, 3459 नए पाजिटिव केस, सबसे ज्यादा मामले मोहाली में

Punjab Coronavirus Death Toll Cases Update पंजाब में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। राज्य में मरने वालों की संख्या भी बढ़ रहे हैं। एक ही दिन में 56 लोगों की मौत कोरोना के कारण हो गई।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 09:47 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 10:12 AM (IST)
पंजाब में कोरोना से एक ही दिन में 56 मरीजों की मौत, 3459 नए पाजिटिव केस, सबसे ज्यादा मामले मोहाली में
पंजाब में कोरोना से एक ही दिन में 56 लोगों की मौत। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, चंडीगढ़। Punjab Coronavirus Death Toll & Cases Update: पंजाब में कोरोना के मरीजों की मौत की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार को 56 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3459 नए पाजिटिव केस आए। वीरवार को भी 56 लोगों की जान गई थी। राज्य में कुल 7390 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 27,219 पहुंच गई है।

गत दिवस सबसे ज्यादा 629 पाजिटिव केस मोहाली में दर्ज किए गए। इसके अलावा जालंधर में 502, लुधियाना में 438 और अमृतसर में 329 केस आए। अमृतसर में सबसे ज्यादा नौ लोगों की जान गई। इसके अलावा होशियारपुर और पटियाला में छह-छह, गुरदासपुर और जालंधर में चार-चार, कपूरथला व रूपनगर में तीन-तीन, तरनतारन, नवांशहर, फरीदकोट व बठिंडा दो-दो, जबकि फाजिल्का, फिरोजपुर व संगरूर में एक-एक मरीज की मौत हुई। मोहाली में एक्टिव मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा 4643 पहुंच गई है। वहीं, जालंधर में 3315, लुधियाना में 3193, अमृतसर में 3119 व पटियाला में 2482 सक्रिय केस हो गए हैं।

24 घंटे में 2518 मरीजों ने कोरोना को मात दी। उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। शुक्रवार को 99,738 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वीरवार के मुकाबले यह आंकड़ा 9930 ज्यादा है। आने वाले समय में एक दिन में वैक्सीनेशन का आंकड़ा एक से डेढ़ लाख तक पहुंच सकता है।

भाजपा ने अपने सभी कार्यक्रम 30 अप्रैल तक किए स्थगित

उधर, भारतीय जनता पार्टी ने कोविड-19 के दोबारा बढ़े प्रकोप के चलते अपने सभी कार्यक्रम तीस अप्रैल तक स्थगित कर दिए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के मद्देनजर यह निर्देश जारी किया है। प्रदेश भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस सरकार की नाकामियों व भाजपा विधायक अरुण नारंग पर हुए हमले समेत अन्य मुद्दों पर भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। इन्हें अब तीस अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा ने सात अप्रैल को प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था तथा नाबालिग लड़कियों व महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस मंत्रियों व विधायकों को चूडिय़ां भेंट की थी। भाजपा युवा मोर्चा दस अप्रैल को प्रदेश सरकार द्वारा संरक्षित माफिया राज व कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ अर्थी फूंक प्रदर्शन करने वाला था। बाबा साहिब भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा के नीचे 15 अप्रैल को चार घंटे का अनशन और 17 अप्रैल को भाजपा किसान मोर्चा तथा बीसी मोर्चा के सिख कार्यकर्ता सद्भावना यात्रा निकालने वाले थे। अब कोरोना के चलते इन सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी