हरियाणा के कालका निवासी महिला नशे की 1.35 लाख गोलियों के साथ गिरफ्तार

आरोपित से पूछताछ के बाद नशे की सप्लाई करने वाले तीन और लोगों को गिरफ्तार किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 10:46 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 10:46 PM (IST)
हरियाणा के कालका निवासी महिला नशे की 1.35 लाख गोलियों के साथ गिरफ्तार
हरियाणा के कालका निवासी महिला नशे की 1.35 लाख गोलियों के साथ गिरफ्तार

जासं,बठिडा: जिला पुलिस ने करीब पंद्रह दिन पहले नशे की 750 गोलियों के साथ पकड़े गए आरोपित से पूछताछ के बाद नशे की सप्लाई करने वाले तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें हरियाणा के कालका शहर निवसी एक महिला भी शामिल है, जिसे बठिडा पुलिस ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा से गिरफ्तार कर नशे की 1.35 लाख गोलियां बरामद कीं। नशे के इस पूरे नेटवर्क में शामिल महिला सहित अब तक चार लोगों को बठिडा पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो की गिरफ्तारी बाकी है। वहीं पुलिस ने प्रतिबंधित दवा की सप्लाई करने के आरोप में जीरकपुर की एक फार्मा कंपनी के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।

बठिडा रेंज के आइजी जसकरण सिंह व एसएसपी अजय मलूजा ने बताया कि गत 27 अगस्त को थाना थर्मल पुलिस ने मंदीप सिंह निवासी खेता सिंह बस्ती को नशे की 750 गोलियों के साथ गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसी दिन पावर हाउस रोड स्थित मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश वर्मा को कार व नशे की 400 गोलियों के साथ काबू किया। उसने बताया कि वह नशे की गोलियां डा. रत्न कुमार निवासी गुरु की नगरी से लेता है, जिसके बाद पुलिस ने 31 अगस्त को रत्न गर्ग को भी 18 हजार 300 रुपये की ड्रग मनी व नशे की 15 हजार 300 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस को गीता रायो निवासी कालका, हरियाणा व धर्मिदर सिंह निवासी हरिद्वार के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर टीम बनाई व 10 सितंबर को गीता रायो को मनी माजरा से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से नशे की 1.35 गोलियां, एक कार व एक मोबाइल भी जब्त किया गया। महिला ने पूछताछ में बताया कि वह जीरकपुर की जेंट फार्मा कंपनी से उक्त गोलियां लेती थी और पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करती थी। इसके बाद पुलिस ने ने जेंट फार्मा कंपनी के राजवीर उर्फ वीर को भी मामले में नामजद कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।

आइजी ने बताया कि इस पूरे मामले में अब तक चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से नशे की कुल 1 लाख 51 हजार 450 गोलियां, दो कारे, एक मोटरसाइकिल, 18 हजार 730 रुपये की ड्रग मनी व तीन मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके है।

chat bot
आपका साथी