बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत

रविवार तड़के आसमान में बादल छाने बारिश होने व ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने के साथ साथ मौसम में बदलाव दिखाई दिया। इसके चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली व मौसम का असर यहां सामान्य जनजीवन पर नजर आया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 05:02 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 05:02 PM (IST)
बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत
बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत

जागरण संवाददाता, बठिडा : रविवार तड़के आसमान में बादल छाने, बारिश होने व ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने के साथ साथ मौसम में बदलाव दिखाई दिया। इसके चलते लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली व मौसम का असर यहां सामान्य जनजीवन पर नजर आया। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री से लुढ़ककर 29.6 व न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री से कम होकर 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि रविवार का दिन होने के कारण लोग अपने घरों पर ही रहे।

इस समय पिछले तीन चार दिनों में तापमान में 13 डिग्री की गिरावट आने से जिले में चल रही गर्म हवाओं, गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। रविवार की रात अचानक चली आंधी के साथ आई बारिश ने तबाही मचाई। रात 12 बजे अचानक आंधी चलने लगी। तेज हवाओं के झोंकों से कई जगह पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर पड़े। यहां तक कि बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिन में प्री मानसून व उसके बाद मानसून की बारिश होने से मौसम में बदलाव आता जाएगा। जबकि जुलाई माह के शुरुआत में गर्मी का प्रभाव कम होना शुरू हो जाएगा।

शहर में शनिवार को दिन भर गर्मी के बाद रविवार की सुबह जब बादल छाए तो एकदम से तेज हवाएं चलने के बाद जोरदार बारिश हुई। दिन भर में 21 एमएम हुई बारिश के कारण बेशक शहर की सड़कों पर पानी जमा हो गया, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है। अब 14 जून तक हल्की बारिश हो सकती है। 15 जून के बाद बढ़ेगी गर्मी

मगर 15 जून के बाद मौसम खुश्क रहेगा, जिसके साथ तापमान में भी बढ़ोतरी होने के चलते गर्मी भी अपने तेवर दिखाएगी। इन दिनों में गर्म हवाएं चलने की पूरी उम्मीद है। दूसरी तरफ बारिश का फसलों को खास फायदा होने के आसार नहीं हैं, लेकिन जिन किसानों ने कपास आदि की बुआई की हुई है उन्हें थोड़ा लाभ अवश्य मिला है। वहीं मौसम को लेकर किसानों की उम्मीदें बंधी हैं। उनका कहना है जुलाई के दिनों में थोड़ी अधिक वर्षा भी हो जाती है तो इसे फसलों के लिए बेहतर माना जाना चाहिए। आने वाले दिनों में प्री मानसून व मानसून की वर्षा को लेकर किसानों को उम्मीदें हैं।

chat bot
आपका साथी