शहर की तमाम समस्याओं का जल्द होगा समाधान: रमन गोयल

नगर निगम की मेयर रमन गोयल ने कहा कि शहर की तमाम समस्याओं को लेकर वह बहुत गंभीर हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 09:47 PM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 09:47 PM (IST)
शहर की तमाम समस्याओं का जल्द होगा समाधान: रमन गोयल
शहर की तमाम समस्याओं का जल्द होगा समाधान: रमन गोयल

सुभाष चंद्र, बठिडा

नगर निगम की मेयर रमन गोयल ने कहा कि शहर की तमाम समस्याओं को लेकर वह बहुत गंभीर हैं। चाहे सीवरेज-पानी की समस्या हो। चाहे स्ट्रीट लाइट या डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की। वह चाहती हैं कि शहर के लोगों को हर तरह की समस्या से निजात मिले। वह अपने शहर को राज्य का सबसे खूबसूरत शहर बनाना चाहती हैं। मेयर रमन गोयल ने यह बातें सोमवार को दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में कहीं।

शहर में स्ट्रीट लाइट खराबी की अत्याधिक दर्ज हो रही शिकायतों पर उन्होंने कहा कि शहर में परंपरागत स्ट्रीट लाइट सिस्टम को हाल ही में एलइडी में तब्दील किया गया है। नया प्रोजेक्ट है, इसलिए दिक्कतें आ रही हैं। कई स्थानों पर अभी भी काम चल रहा है। अभी और भी ब्लैक स्पाट पर लाइटें लगाई जानी हैं। जो शिकायतें आ रही हैं उसका साथ की साथ निपटारा भी किया जा रहा है। जल्दी ही शिकायतें बहुत कम रह जाएंगी।

वहीं शहर के विभिन्न इलाकों में सीवरेज जाम या ओवरफ्लो की समस्याओं के खत्म न होने पर रमन गोयल ने कहा कि शहर में पशु डेयरियों की वजह से भी सीवरेज जाम हो रहे हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान पर विचार चल रहा है। बड़ी लाइनें डालने के लिए वित्तमंत्री मनप्रीत बादल से बात की गई है। साथ ही पानी की समस्या को लेकर मेयर ने कहा कि इसके लिए कुछ हद तक लोग भी जिम्मेदार हैं। बहुत लोगों ने इलीगल कनेक्शन जोड़ रखे हैं। बिल न भरना पड़े, इस चक्कर में कनेक्शन को रेगुलर नहीं करवा रहे हैं। यह भी सच है कि वाटर सप्लाई की पाइपें बहुत पुरानी है, जोकि सीमेंट की हैं। धीरे-धीरे इन लाइनों को बदलने का काम किया जा रहा है। शहर में डीआइ की पाइप लाइन बिछे, इस संबंध में भी वित्तमंत्री से बात हुई है। सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण पैदा हुई दिक्कतें

रमन गोयल ने कहा कि पिछले समय के दौरान डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वालों की हड़ताल के कारण कई जगह से कचरा न उठने की दिक्कत आई थी, लेकिन अब हालात ठीक हैं। कई बार टिप्पर पहुंचने के समय लोग घर पर नहीं होते तो कई गेट नहीं खोलता, लेकिन बाद में शिकायत दर्ज करवा देता है। निगम के पास 53 मिन्नी टिप्पर पहले से मौजूद हैं। सात और नए टिप्पर भी खरीदे जा रहे हैं। कंपोस्ट पिट नहीं बनेंगे डंप, की जा रही है सफाई

कंपोस्ट पिट के कूड़े का डंप बन जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में रमन गोयल ने कहा कि यह भी सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण दिक्कत पैदा हुई थी। हड़ताल के दिनों में लोग कंपोस्ट पिटों में भी हर तरह का कूड़ा फेंकने लग गए थे। अब इन पिटों की सफाई का काम शुरू करवा दिया गया है। जल्दी ही सभी पिटों से सूखा कचरा और लिफाफे आदि निकाल दिए जाएंगे। इन सभी पिटों में ही बेहतरीन खाद तैयार होगी।

chat bot
आपका साथी