50 कंपोस्ट पिट्स तैयार, 90 दिन में खाद होगी तैयार

स्वछ भारत अभियान के तहत नगर निगम की ओर से शहर में 50 कंपोस्ट पिट्स तैयार कर ली गई हैं। शहर के कुल 50 वार्डों को ध्यान में रखते हुए यह विभिन्न इलाकों में बनाई गई हैं। इनमें किचन वेस्ट व ग्रीन वेस्ट से खाद तैयार होगी। यह खाद न केवल शहर की पार्कों में इस्तेमाल की जाएगी बल्कि लोगों को अपने घरों के पौधों के लिए भी मुफ्त दी जाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 06:50 AM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 06:50 AM (IST)
50 कंपोस्ट पिट्स तैयार, 90 दिन में खाद होगी तैयार
50 कंपोस्ट पिट्स तैयार, 90 दिन में खाद होगी तैयार

सुभाष चंद्र, बठिडा : स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर निगम की ओर से शहर में 50 कंपोस्ट पिट्स तैयार कर ली गई हैं। शहर के कुल 50 वार्डों को ध्यान में रखते हुए यह विभिन्न इलाकों में बनाई गई हैं। इनमें किचन वेस्ट व ग्रीन वेस्ट से खाद तैयार होगी। यह खाद न केवल शहर की पार्कों में इस्तेमाल की जाएगी, बल्कि लोगों को अपने घरों के पौधों के लिए भी मुफ्त दी जाएगी। नगर निगम के इस प्रयास से शहर भर को पेड़-पौधों के पत्तों के साथ फैलने वाले कचरे से भी मुक्ति मिल जाएगी। सफाई के दौरान यह पत्ते इकट्ठे करके इन्हें इन पिट्स में डाल दिया जाया करेगा। जीएफसी के तहत किया पिट्स का निर्माण

नगर निगम ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के पास गार्बेज फ्री सिटी (जीएफसी) की फाइव स्टार रेटिग के लिए आवेदन किया हुआ है। नगर निगम ने वर्ष 2019-20 में भी इसके लिए अप्लाई किया था, लेकिन केंद्रीय टीम की ओर से किए गए सर्वेक्षण के दौरान तमाम शर्तें पूरी न पाए जाने पर इस रुतबे से वंचित रह गया था। इस बार फिर से आवेदन किया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में गार्बेज फ्री सिटी का दर्जा हासिल सिटी को जहां एक हजार अंक मिलते हैं, वहीं इन अंकों की बदौलत उसकी राष्ट्रीय स्तर की रैंकिग में भी काफी सुधार होता है। पिछले वर्ष बेशक बठिडा निगम स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में तो तीसरी बार राज्य में अव्वल रहा, लेकिन राष्ट्रीय स्तर की रैंकिग में 79वें पायदान पर पहुंच गया था। इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर 31वें रैंक पर था। इसलिए राष्ट्रीय स्तर की रैंकिग में अपने सुधार के लिए निगम ने गार्बेज फ्री सिटी होने का दावा करते हुए फिर से फाइव स्टार रेटिग के लिए आवेदन किया है। निगम का दावा है कि इस बार सभी शर्तें पूरी कर ली गई हैं। गार्बेज फ्री सिटी की शर्तों के तहत ही निगम की ओर से शहर प्रति वार्ड के हिसाब से शहर में 50 कंपोस्ट पिटें तैयार की हैं। यहां-यहां तैयार की गई हैं कंपोस्ट पिट्स

निगम की ओर से 18 कंपोस्ट पिटें हजूरा-कपूरा कालोनी के नजदीक स्थित जागर्स पार्क में, दो म्युनिसिपल कालोनी में तथा छह-छह पिटें डीएवी कालेज के छप्पड़ पर, आईटीआई चौक के नजदीक ओवरब्रिज के नीचे, डबवाली रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे, माडल टाउन फेस-1 व सिविल स्टेशन एरिया स्थित दर्जा चार क्वार्टरों के नजदीक तैयार की गई हैं। इन सभी कंपोस्ट पिटों में विभिन्न इलाकों का ग्रीन वेस्ट और किचन वेस्ट डालना शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही इन सभी पिट्स पर एक-एक कर्मचारी को भी तैनात कर दिया गया है। ताकि कोई इन पिटों में प्लास्टिक या अन्य वेस्ट न डाल जाए। 20 ट्राली तैयार होगी खाद: एसई

नगर निगम के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर हरपाल सिंह भुल्लर ने कहा कि सभी पिटों में गीला कचरा डालना शुरू कर दिया गया है। इन पिटों में 90 दिनों में खाद तैयार हो जाएगी। इन सभी पिटों में करीब 20 ट्राली खाद तैयार होगी। फिलहाल तैयार खाद को इंकम के लिए बेचने की कोई योजना नहीं है। खाद को शहर की पार्कों में डाला जाएगा। इसके अलावा लोगों को मुफ्त भी दी जा सकेगी।

chat bot
आपका साथी