डबवाली में 15000 किसान धरने पर बैठे, नथेहा बार्डर से 4000 किसान बैरिकेड तोड़ हरियाणा पहुंचे

दिल्ली की तरफ कूच करने का प्लान डबवाली बार्डर पर हरियाणा पुलिस ने विफल कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 06:29 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 06:29 PM (IST)
डबवाली में 15000 किसान धरने पर बैठे, नथेहा बार्डर से 4000 किसान बैरिकेड तोड़ हरियाणा पहुंचे
डबवाली में 15000 किसान धरने पर बैठे, नथेहा बार्डर से 4000 किसान बैरिकेड तोड़ हरियाणा पहुंचे

जागरण संवाददाता, बठिडा : खेती कानूनों के विरोध में किसानों का 26 नवंबर को दिल्ली की तरफ कूच करने का प्लान डबवाली बार्डर पर हरियाणा पुलिस ने विफल कर दिया। मगर नथेहा बार्डर से चार हजार किसान बैरिकेड तोड़कर हरियाणा में दाखिल होने में सफल हो गए। हालांकि डबवाली में प्रदर्शन के दौरान पहले दिन 15 हजार किसान पहुंचे थे। उन्होंने वहीं पर पक्के तौर पर अपना धरना लगा दिया।

दिल्ली की तरफ कूच करने वाले किसानों को पंजाब हरियाणा सीमा पर स्थित डबवाली के डूमवाली बैरियर पर रोका गया है। उनको हरियाणा पुलिस ने दिल्ली की तरफ जाने से रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए हुए हैं। इसके लिए पहले पंजाब हरियाणा सीमा पर बड़े-बड़े पत्थर लगाए गए, जिसके बाद जंजीर से बंधे बैरिकेड लगाकर बाद में माल से भरे हुए दो बड़े-बड़े ट्रक लगाकर किसानों को रोकने का प्रबंध किया। इसके अलावा 450 पुलिस मुलाजिमों को भी हरियाणा पुलिस ने तैनात किया है। उनकी अगुआई एसडीएम कालियावाली व दो डीएसपी कर रहे हैं।

दूसरी तरफ विभिन्न यूनियनों के नेता रोडी रोड से होकर नथेहा बार्डर से हरियाणा में दाखिल होना चाहते थे। मगर वहां पर पुलिस का नाका तोड़कर चार हजार किसान सरदूलगढ़ बोहा के रास्ते से हरियाणा में दाखिल हो गए। जबकि धरने के लिए किसान लंगर आदि का भी पूरा सामान अपने साथ लेकर गए हैं। जो अब दिन-रात चलाया जाएगा। बठिडा डबवाली मार्ग से भारी गिनती में किसान हरियाणा सीमा पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने धरना लगाकर अपना संघर्ष शुरू कर दिया। किसान यूनियन के नेताओं का कहना है कि अगर पुलिस ने उनको नहीं जाने दिया तो वह यहीं पर ही पक्का धरना लगाकर प्रदर्शन करते रहेंगे।

वही बठिडा से हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली को जाने वाले रास्तों को एक किलोमीटर पहले ही डायवर्ट कर दिया गया। इसके लिए डायवर्शन बोर्ड भी लगाए गए हैं। जबकि इस रास्ते से के दूसरी तरफ मुक्तसर लंबी की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस तैनात की गई है। किसानों का दावा है कि डबवाली में 75 हजार किसान एकत्र हुए। यहां तक कि किसानों के धरने के कारण एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिला, जिस पर किसानों ने कहा कि रास्ता उनके द्वारा नहीं, बल्कि हरियाणा पुलिस ने बंद किया है। इसके बाद एंबुलेंस कच्चे रास्ते से निकली। वहीं धरने के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत के लिए हेल्थ कैंप भी लगाया गया है। नौ जिलों के किसान पहुंचे डबवाली

डबवाली में लगाए गए धरने के दौरान बठिडा के अलावा नौ अन्य जिलों के किसान पहुंचे हैं। इस दौरान जिला प्रधान शिगारा सिंह मान ने कहा कि वह हरियाणा बार्डर पर पक्का धरना लगाएंगे। जबकि खनौरी के बार्डर पर सवा लाख किसानों को इकट्ठा किया जाएगा। मगर वह अब यहां पर बैरिकेड्स तोड़कर आगे नहीं जाएंगे। इसके लिए रस्सियां लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। हुल्लड़बाजी की तो एक्शन लेंगे : डीएसपी कुलदीप बेनीवाल

डबवाली के डीएसपी कुलदीप बेनीवाल का कहना है कि किसानों को रोकने के लिए चार कंपनियां तैनात की गई है। इसमें दो कंपनियां डबवाली की हैं तो दो कंपनियां इंडियन रिजर्व बटालियन की है। जबकि एक कंपनी में 110 मुलाजिम हैं। मगर उनके द्वारा किसी को भी अमन कानून की स्थिति को भंग नहीं करने दिया जाएगा। अगर किसान शांतिमय ढंग से प्रदर्शन करते रहेंगे तो वह कुछ नहीं करेंगे, लेकिन हुल्लड़बाजी करने पर एक्शन लिया जाएगा।

शांति बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं : एसडीएम

एसडीएम निर्मल नागौर ने बताया कि अमन कानून की स्थिति को बनाए रखने के लिए हर प्रकार के प्रबंध किए गए हैं।

chat bot
आपका साथी