अपहरण के डेढ़ महीने बाद अज्ञात पर किया केस दर्ज

छेहरटा पुलिस ने युवक के अपहरण के मामले में घटना के डेढ़ महीने बाद अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 05:12 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 05:12 PM (IST)
अपहरण के डेढ़ महीने बाद अज्ञात पर किया केस दर्ज
अपहरण के डेढ़ महीने बाद अज्ञात पर किया केस दर्ज

जासं, अमृतसर : छेहरटा पुलिस ने युवक के अपहरण के मामले में घटना के डेढ़ महीने बाद अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जबकि पीड़ित परिवार ने आरोपितों के सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस को मुहैया करवा दी थी। परिवार का आरोप है कि ढीली कार्रवाई के कारण पुलिस ने पहले तो एफआइआर दर्ज की और अब आरोपितों का पता तक नहीं लगा पाई है।

खंडवाला स्थित जंडपीर कालोनी में रहने वाले निखिल पुंज ने पुलिस को बताया कि 19 जून की शाम वह अपने दोस्त राज कुमार के साथ ट्यूबवेल पर नहाने के लिए जा रहा था। वहां जाकर उन्हें बता चला कि बंबी पर ताला लगा है और वह किसी अन्य जगह पर नहाने के लिए निकल पड़े। रास्ते में बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की धमकियां देने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो बाइक के पीछे बैठे युवक ने डब से पिस्तौल निकालकर उस पर तान दिया और अपने साथ जबरदस्ती बाइक पर बैठा लिया। पिस्तौल देख वह डर गया और आरोपितों के साथ बाइक पर सवार हो गया। इसके बाद दोनों आरोपित उसे एक बेसमेंट के अंदर ले गए और उसके साथ बुरी तरह से मारपीट करने लगे। आरोपित उसे किसी युवक के बारे में पूछ रहे थे, जिसे वह नहीं जानता था। लगभग काफी देर तक जब वह जवाब नहीं दे पाया तो आरोपितों को आभास हुआ कि वह किसी गलत युवक का अपहरण कर ले आए हैं। घटना के बाद पिस्तौलधारी दोनों युवक वहां से फरार हो गए और उसे निखिल को रिहा कर गए। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत की थी।

chat bot
आपका साथी