चुनौतियां के पहाड़ से चेयरमैन दमनदीप उप्पल को कम समय में पाना होगा पार
नगर निगम के 55वें चेयरमैन दमनदीप सिंह उप्पल ने पद संभालने के बाद शहर के लोगों के हित मेंकार्य कना शुरू कर दिया है।
विपिन कुमार राणा, अमृतसर : नगर निगम के 55वें चेयरमैन दमनदीप सिंह उप्पल ने पद संभालने के बाद शहर के लोगों के हित मेंकार्य कना शुरू कर दिया है। इसको लेकर उन्होंने शुक्रवार को ट्रस्टियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में आने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उप्पल के सामने लोगों में अपनी छाप छोड़ने के लिए कुछ महीने हैं। ऐसे में उनके सामने खुद को साबित करने के लिए चुनौतियों के पहाड़ से पार पाना होगा। चुनावी साल होने की वजह से कांग्रेस और चेयरमैन की साख इन चंद महीनों की कारगुजारी पर टिकी है। ट्रस्ट द्वारा शहर में बनवाए जा रहे रेल ओवरब्रिज, अंडरब्रिजों के अलावा तमाम बड़े प्रोजेक्टों को समयबद्ध और पारदर्शिता से पूरा करवाना चेयरमैन की जिम्मेदारी है। इसके अलावा शहर के पांचों विधानसभा हलकों में करवाए जा रहे विकास कार्य भी समय पर उन्हें ही पूरे करवाने होंगे।
ट्रस्ट द्वारा 25 करोड़ की लागत से भंडारी पुल एक्सटेंशन कर काम करवाया जा रहा है। ट्रैफिक के लिहाज से यह शहर का महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। एक-डेढ़ महीने में यह शहर को समर्पित हो जाएगा। 25.44 करोड़ के जोड़ा फाटक आरयूबी का उद्घाटन तो 15 अक्टूबर 2018 को हुआ था, पर इस पर काम अढाई साल बाद दो मार्च 2021 को शुरू हो सका। इसकी डेडलाइन तो तीन साल है, पर इसे भी गति देते हुए इससे प्रभावित नौ वार्डों की राह आसान करनी होगी। दिनेश बस्सी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के करीबियों में से हैं। कैप्टन और नवजोत सिद्धू के सियासी विवाद में उनकी बलि चढ़ गई। वह दो साल 71 दिनों तक ट्रस्ट के चेयरमैनी के पद पर रहे। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यो के लिए कई प्रोजेक्ट पूरे करवाए और कई प्रक्रिया में है। अब जो कार्य चल रहे हैं, उन्हें समय पर पूरा करवाना और आगे के विकास कार्यो के लिए योजना लाकर शहरवासियों को प्रभावित करना उनके ही हाथ में हैं। चेयरमैन दमन के समक्ष चुनौतियां..
चेयरमैन दमनदीप सिंह उप्पल के समक्ष चुनौतियां..
-कम समय में नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी टीम की उम्मीदों पर खरा उतरना।
-बेलगाम अफसरशाही पर नकेल कसना और उनके साथ टयूनिग बनाते हुए काम करना।
-ट्रस्ट के ईओ पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के करीबियों में से एक है, उनके साथ तालमेल बनाना।
-ठेकेदारों द्वारा बनाए गए नेक्सेस को तोड़ते हुए काम में पारदर्शिता लाना।
-पूर्व में हुए कामों की क्वालिटी को चेक करना, क्योंकि विभिन्न कामों के मापकों के अनुसार न होने के आरोप लगते रहे है।
-ट्रस्ट द्वारा जोड़ा फाटक अंडरब्रिज, भंडारी पुल एक्सटेंशन, श्री दुग्र्याणा तीर्थ सुंदरीकरण, बुलारिया पार्क के अलावा कई बड़े प्रोजेक्टों पर काम किया जा रहा है, उन्हें पूरा करते हुए सरकार की छवि को बनाना।
-रणजीत एवेन्यू में मापकों के विपरीत हो रहे भव्य निर्माणों पर अंकुश लगाना।
-ट्रस्ट की विकास के स्कीमों की मैनटेंस को यकीनी बनाना।
-24 करोड़ की सड़कों के निर्माण के टैंडर लगे हुए है। इनको सिरे चढ़ाना जरूरी है। पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी के कार्यकाल में हुए विकास कार्य
-25.50 करोड़ से जोड़ा फाटक रेलवे अंडरब्रिज का काम शुरू करवाया।
-25 करोड़ से भंडारी पुल एक्सटेंशन के काम को सिरे चढ़ाया।
-श्री दुग्र्याणा तीर्थ के सुंदरीकरण के काम को गति प्रदान की।
-ऐतिहासिक श्रीराम तलाई मंदिर को सुंदरीकरण के लिए 2.50 करोड़ से काम चालू करवाया।
-3.50 करोड़ रुपये से वेरका में स्पोर्ट्स स्टेडियम का काम और न्यू अमृतसर में दो करोड़ की लागत से कम्युनिटी हाल बनाया।
-40 करोड़ की लागत से रमिदर सिंह बुलारिया पार्क में विभिन्न खेलों के लिए ग्राउंड तैयार करवाई जा रही है।
-रणजीत एवेन्यू में 35 करोड़ से रि डवलपमेंट के काम। कई अभी शुरू होने हैं।
-हर विधानसभा हलके में ट्रस्ट द्वारा 15 से 20 करोड़ के काम करवाए गए।
-ईस्ट मोहन नगर के गंदे नाले को 1.30 करोड़ से कवर करवाया।
-न्यू अमृतसर में सात एकड़ में चार करोड़ की लागत से ग्रीन बैल्ट का काम शुरू करवाया।
ट्र्स्ट कार्यालय में लोगों की सुविधा के लिए बनेगा हेल्प डेस्क, मिलेगी जानकारी
नगर सुधार ट्रस्ट के नवनियुक्त चेयरमैन दमनदीप सिंह उप्पल ने ट्रस्टियों व अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए साफ कर दिया कि ट्रस्ट आने वाले लोगों को हरासमेंट नहीं होनी चाहिए। उनके लिए हेल्प डेस्ट स्थापित किया जाए, जो उन्हें काम करवाने में मदद करे।
उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी का सबसे बड़ा कारण काम की औपचारिकताओं की उन्हें जानकारी न होना है। इसके लिए ट्रस्ट में बोर्ड लगाया जाएगा और पंफ्लेट भी बांटे जाएंगे। इन पर लिखा जाएगा कि प्रापर्टी या अन्य कामों को लेकर उन्हें क्या दस्तावेज चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ट्रस्ट कार्यालय में आने वाला खुश होकर और आशीर्वाद देते हुए जाए, न कि गालियां निकालते हुए। उन्होंने अधिकारियों से विकास के कामों की डिटेल मांगी, ताकि उन्हें गति से पूरा करवाया जा सके। चेयरमैन ने कहा कि ट्रस्ट पर लगे गोरखधंधे के टैग को खत्म करेंगे। जिन लोगों की वजह से यह टैग लगा है, उन्हें ट्रस्ट से दूर कर दिया जाए। इस अवसर पर ट्रस्टी पार्षद प्रमोद बबला, नवदीप हुंदल, रविकांत, मनिदर सिंह ठेकेदार, मोंटू जोड़ा, नरिदर तुंग, डा संजीव अरोड़ा, एसई प्रदीप जसवाल के अलावा सभी एक्सीयन, एसडीओज व जेई हाजिर रहे।