पैसों के लेनदेन को लेकर कर रहे थे परेशान, युवक ने की आत्महत्या

सुभाष कालोनी के एक युवक ने कुछ लोगों से परेशान होकर जहरीली चीज खाकर आत्महत्या कर ली।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Aug 2021 06:35 PM (IST) Updated:Thu, 26 Aug 2021 06:35 PM (IST)
पैसों के लेनदेन को लेकर कर रहे थे परेशान, युवक ने की आत्महत्या
पैसों के लेनदेन को लेकर कर रहे थे परेशान, युवक ने की आत्महत्या

जागरण संवाददाता, अमृतसर : थाना सदर के अधीन आते बटाला रोड इंदिरा कालोनी के नजदीक सुभाष कालोनी के एक युवक ने कुछ लोगों से परेशान होकर जहरीली चीज खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने कई लोगों के नाम व मोबाइल नंबर लिखे हैं जोकि उसे पिछले कुछ दिनों से पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान कर रहे थे। थाना सदर पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मृतक की पहचान अमित कुमार निवासी सुभाष कालोनी के रूप में हुई है। शव का पोस्टमार्टम करके स्वजनों को सौंप दिया गया। उसका अंतिम संस्कार वीरवार को कर दिया गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुच्चा सिंह का कहना है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस को दी शिकायत में सोनिया ने बताया कि उसका पति अमित कुमार बिल्डिंग मैटीरियल सप्लाई करने का काम करता था। बुधवार रात वह शराब के नशे में घर पर आया था। उसने जब पूछा कि उसने विक्रम के साथ शराब पी है तो उसने हां में जवाब दिया और बेहोश हो गया। इसके बाद वह पति को एस्कार्ट अस्पताल ले गई जहां ईसीजी करने के बाद डाक्टर ने उसके पति को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में उसे पति की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें प्रभजोत सिंह, गोपी बिल्डिंग मैटीरियल, सुरिदर बिल्डिंग मैटीरियल, संजीव कुमार, परेज, आशू और विक्रम का नाम व मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। उसने आरोप लगाया कि उसके पति का उक्त लोगों के साथ पैसों का कुछ लेनदेन था। सभी उसके पति को परेशान कर रहे थे और उसके पति को उक्त आरोपितों ने फोन पर गाली-गलौच कर धमकियां भी दी थी। इसके चलते उसके पति ने जहरीली चीज खाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसआइ सुच्चा सिंह का कहना है कि सुसाइड नोट में नाम और मोबाइल नंबर लिखे हुए थे। उनका पता अभी तक नहीं चल पाया है। उनका पता मिलने के बाद आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी