सतर्क रहें: कार सवार महिला गिरोह की अब अमृतसर में दस्तक, जान पहचान बताकर उतार लेती हैं सोने की चूड़ियां

जरा बच कर रहिए। परिचित बताकर गले मिलना फिर कार में बिठाना और हाथों से सोने के कंगन लूटने वाला गिरोह लुधियाना जालंधर के बाद अमृतसर में भी पहुंच गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 06:30 AM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 06:30 AM (IST)
सतर्क रहें: कार सवार महिला गिरोह की अब अमृतसर में दस्तक, जान पहचान बताकर उतार लेती हैं सोने की चूड़ियां
सतर्क रहें: कार सवार महिला गिरोह की अब अमृतसर में दस्तक, जान पहचान बताकर उतार लेती हैं सोने की चूड़ियां

नवीन राजपूत, अमृतसर: जरा बच कर रहिए। परिचित बताकर गले मिलना, फिर कार में बिठाना और हाथों से सोने के कंगन लूटने वाला गिरोह लुधियाना, जालंधर के बाद अमृतसर में भी पहुंच गया है। यह गिरोह धार्मिक स्थलों के पास या वहां से लौटने वाली महिलाओं को निशाना बना रहा है। गिरोह की दो महिलाओं सहित तीन लोगों ने वीरवार को रानी का बाग स्थित माता लाल देवी मंदिर के पास वारदात को अंजाम दिया है।

राम नगर कालोनी निवासी सुखदेवी ने बताया कि वीरवार को वह माता लाल देवी मंदिर में माथा टेकने गई थीं। साथ में पति बलदेव भी थे। लौटते समय एक स्विफ्ट कार में सवार तीन लोगों ने उन्हें आवाज देकर रोका। कार में सवार दो महिलाएं उनकी परिचित होने की बात कहने लगीं। बोलीं, कि बहन जी बड़े दिनों बाद नजर आए हैं। यह कहकर पहले उन्हें गले लगाया। फिर उन्हें और उनके पति बलदेव को कार में बिठाकर जान-पहचान निकालने लगीं। चालक ने कार धीरे-धीरे चलानी शुरू कर दी। ठग महिलाओं ने उन्हें कहा कि उनके लड़के की उन्हीं के मोहल्ले (राम नगर कालोनी) में शादी हुई है। इस बीच शातिर महिला ने कार में उन्हें गले लगाया और इतने में उनके हाथ में पहनी सोने की तीन चूड़ियां गायब कर दीं। फिर ठग महिला ने कहा कि उसे उलटी आ रही है, वे कार से नीचे उतरें। जैसे ही पति-पत्नी कार से बाहर निकले तो वे गाड़ी भगाकर ले गए। कुछ देर बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी के बारे में पता चला। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत की। सिविल लाइन थाने की पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआइ जसविदर सिंह ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि आरोपितों का पता लगाकर उन्हें जल्द काबू कर लिया जाएगा। तरीका समझिए और सावधान रहें

-धार्मिक स्थलों से लौट रही महिलाओं को सुबह के समय बनाती हैं निशाना।

-कार में सवार रहती हैं महिलाएं, दो आगे की सीट पर और एक अकेली रहती है पीछे।

-पहचान बनाती हैं, गले मिलती हैं और बड़ी चालाकी से उतार लेती हैं गहने।

-पता पूछकर घर तक छोड़ने का आफर देती हैं और बीच में बिठाकर चूडि़यां गायब कर देती हैं। जालंधर में गिरोह की ओर से की गई वारदातें

-आठ अक्टूबर को कार सवार गिरोह की महिलाओं ने थाना आठ के अंतर्गत आते अशोक नगर में सरोज मल्होत्रा नाम की महिला को परिचित होने की बात कहकर गले लगाया और फिर हाथों से सोने के कड़े उतारकर ले गईं।

-पांच अक्टूबर को रामा मंडी थाना क्षेत्र के सूर्या एन्क्लेव में कार सवार इस गिरोह ने एनआरआइ महिला बलबीर कौर को निशाना बनाया था। उनके सिर पर हथियार से हमला कर उनके सोने के कंगन लेकर फरार हो गए थे।

-15 सितंबर को जालंधर के व्यस्ततम इलाके चिक चिक चौक पर गैंग ने एक महिला को जबरन अपनी कार में बिठाया और उसके सोने के कंगन निकालने के बाद सड़क पर फेंक फरार हो गया।

-6 अगस्त को जालंधर के भार्गव कैंप थाना क्षेत्र के मॉडल हाउस में कार सवार महिला गैंग ने घर के बाहर एक खड़ी महिला से पानी मांगा और फिर जब महिला ने पानी देने के लिए अपना हाथ उनकी कार के अंदर डाला तो आरोपित महिला के हाथ में पहने कंगन लेकर फरार हो गए लुधियाना में हाल ही में की पांच वारदातें

लुधियाना में कार सवार महिला गैंग ने पांच वारदातों को अंजाम दिया है। कानून के हाथ अब तक इस गैंग के गिरेबान तक नहीं पहुंचे हैं। एक साल पहले यह गैंग इसी तरह कई वारदात को अंजाम दे चुका है। आज तक पुलिस उन मामलों में भी इस गैंग को पकड़ नहीं पाई है।

1. आठ अक्टूबर को इस गिरोह ने न्यू शिवपुरी इलाके में मंदिर से लौट रही 65 वर्षीय ऊषा रानी के हाथों से सोने की चूड़ियां उतार लीं।

2. महिला गैंग ने सात अक्टूबर की सुबह ऋषि नगर की वीना रानी के हाथों से चूड़ियां उतार ली थीं। थाना पीएयू की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

3. एक अक्टूबर को हैबोवाल की सुषमा देवी की सोने की चूडियां महिला गैंग ने काट ली थीं। वह सुबह राम शरणम में सत्संग सुनकर वापस घर लौट रही थीं।

4. तीस सितंबर को फोकल प्वाइंट के अर्बन इस्टेट इलाके में शुभकांता नाम की महिला के हाथों से सोने की चूड़ियां इस गैंग ने गायब कर दी थीं।

5. 22 सितंबर के करीब बाबा थान सिंह चौक इलाके में भी एक बुजुर्ग महिला के हाथों से गैंग ने चूड़ियां काट ली थीं। लुधियाना और जालंधर में हुई इन दो महिलाओं की जुबानी पढ़ें घटना गले लगा चूड़ियां उतारीं, फिर गिलास देकर टूटी से पानी लाने को कहा

आठ अक्टूबर को सुबह सात बजे स्विफ्ट कार सवार इस गिरोह ने लुधियाना के न्यू शिवपुरी इलाके में मंदिर से लौट रही 65 वर्षीय ऊषा रानी को शिकार बनाया। बुजुर्ग महिला के हाथ से पांच तोले सोने की चूड़ियां उतार कर यह गिरोह फरार हो गया। कार में तीन महिलाएं और एक ड्राइवर था। सभी ने मास्क पहने हुए थे। पीड़िता के मुताबिक, कार में अगली सीट पर सवार महिला ने उन्हें नमस्ते की और कहा 'बहन जी आप तो बहुत दिनों बाद नजर आई हैं। आज तो आपके गले लगूंगी।' उसने कार का दरवाजा खोला और सीट पर बैठे ही उन्हें (ऊषा रानी को) गले लगा लिया। इसी बीच उसने कहा कि पीछे की सीट पर उनकी बहन भी बैठी है, उसे भी गले लगा लो। उन्होंने उस महिला को भी गले लगा लिया। इसी बीच महिला ने एक गिलास देकर सामने लगी टूटी से पानी भरकर देने का आग्रह किया। बुजुर्ग गिलास लेकर नल से पानी लेकर लौटी तो कार वहां नहीं थी। कार को वहां न देख कर उन्हें कुछ गड़बड़ लगी। उन्होंने चेक किया तो देखा कि उनके हाथों से सोने की चूड़ियां गायब थीं। कंधे पर हाथ रख कलाई तक ले गई, गिलास में पानी भरने को कहा और हुईं फरार

विनोद शर्मा ने बताया कि हाल ही में वह देवी तालाब मंदिर गई थीं। वहां से पूजा-अर्चना कर घर लौटने लगीं तो स्विफ्ट कार में सवार एक महिला ने उन्हें आवाजें लगानी शुरू कर दी। महिला ने खुद को उनकी परिचित बताया जबकि वह उसे पहचानती ही रह गई। कार में तीन महिलाएं और एक पुरुष सवार था। महिला ने कार का दरवाजा खोला और नीचे उतर आई। देखते ही देखते उसने उनके कंधे पर हाथ रखा और कलाई तक ले गई। इसके बाद उस महिला ने उन्हें वहां पास से एक नल से डिस्पोजल गिलास में पानी भरने के लिए कहा। फिर वह तेजी से कार में बैठीं और जोर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद चारों कार सवार फरार हो गए। जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक काफी देर हो चुकी थी। बाद में उन्हें पता चला कि वह उनकी दो चूड़ियां हाथ से गायब करके ले गई हैं।

chat bot
आपका साथी