अपनी पार्टी में वापस चला गया सिरसा : भाई वडाला

सिख सद्भावना दल के अध्यक्ष व श्री हरिमंदिर साहिब के पूर्व हजूरी रागी भाई बलदेव सिंह वडाला ने कहा कि आज भी बादल परिवार की भाजपा और आरएसएस के साथ सांझ है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 08:16 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 11:30 PM (IST)
अपनी पार्टी में वापस चला गया सिरसा : भाई वडाला
अपनी पार्टी में वापस चला गया सिरसा : भाई वडाला

जागरण संवाददाता, अमृतसर : सिख सद्भावना दल के अध्यक्ष व श्री हरिमंदिर साहिब के पूर्व हजूरी रागी भाई बलदेव सिंह वडाला ने कहा कि आज भी बादल परिवार की भाजपा और आरएसएस के साथ सांझ है। यही कारण है कि बादल परिवार का खास आदमी व दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का पूर्व अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा वापस भाजपा में शामिल हो गया है।

भाई वडाला ने कहा कि लंबे समय तक बादल परिवार ने भाजपा के साथ सांझ रखकर सिख पंथ की पुरानी परंपराओं को तहस-नहस कर दिया है। बादल दल के नेताओं के साथ-साथ उनके समर्थक तख्त साहिबों के जत्थेदार पंथ की बात करने की जगह पंथ विरोधियों को बचाने की कोशिश में लगे रहते है। उन्होंने कहा कि सिरसा अगर भाजपा में शामिल हो गया है तो इस पर हैरानी प्रगट करने की पंथ को जरूरत नहीं है। सिरसा पहले ही भाजपा के दिल्ली विधानसभा में विधायक रहे चुके है। वह भाजपा के एजेंडा को पंथ में लागू करते रहे है। सिरसा की तरफ से पंथ का जो नुकसान किया है, उसके लिए वे अलग-अलग संगीन मामलों में घिरे हुए है। आज जब उनको अलग-अलग मामलों में सजा होनी है तो वह दोबारा अपनी उसी पार्टी भाजपा में चले गए, जिसके वह विधायक रहे।

भाई वडाला ने कहा कि उनका संगठन बादल दल की पंथ विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करता रहेगा। इसके लिए उनका संघर्ष लगातार जारी है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के बादल समर्थकों द्वारा गायब किए गए 328 स्वरूपोंके खिलाफ श्री हरिमंदिर साहिब को जाने वाले रास्ते हेरिटेज स्ट्रीट में लगातार उनका आंदोलन एक वर्ष से चल रहा है। गुरुद्वारों के सुधार के लिए उनकी तरफ से शुरू किया गया अभियान अभी रूकने वाला नहीं है।

chat bot
आपका साथी