दो मिनट हाथ जोड़ हर कोई बोला, सरबत का हो भला

दैनिक जागरण की ओर से सोमवार को करवाई गई सर्व धर्म प्रार्थना में शहर के कोने-कोने से हजारों लोग जुड़े। हर धर्म मत संप्रदाय वर्ग के लोग उत्साह से इसका हिस्सा बनें।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 12:25 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 12:25 AM (IST)
दो मिनट हाथ जोड़ हर कोई बोला, सरबत का हो भला
दो मिनट हाथ जोड़ हर कोई बोला, सरबत का हो भला

जागरण टीम, अमृतसर: दैनिक जागरण की ओर से सोमवार को करवाई गई सर्व धर्म प्रार्थना में शहर के कोने-कोने से हजारों लोग जुड़े। हर धर्म, मत, संप्रदाय, वर्ग के लोग उत्साह से इसका हिस्सा बनें। सुबह 11 बजे मानों सारा शहर थम सा गया हो। अंबरसरियों ने दो मिनट का मौन रखकर कोरोना संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवारों के साथ संवेदना जताई। इसके साथ ही अस्पतालों और घरों में वायरस से जंग लड़ रहे मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने के अलावा उन कोरोना योद्धाओं की हिम्मत बढ़ाई जो इस समय लोगों की जिंदगी बचाने में जुटे हैं। इसी के साथ 14 जून का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।

सर्व धर्म प्रार्थना में श्री अकाल तख्त साहिब पर सुबह 11 बजे धर्म प्रचार कमेटी के मुख्य प्रचारक बलवंत सिंह एनोकोट, एसजीपीसी के मैनेजर नरिदर सिंह, तख्त हजूर साहिब लंगर सेवा के प्रभारी बाबा मिटा सिंह ने सरबत के भले की अरदास की।

वहीं श्री दुग्र्याणा तीर्थ में हिदू, सिख, मुस्लिम व इसाई भाईचारे के प्रतिनिधियों ने सर्व धर्म का संदेश दिया। इसके अलावा विश्व नाथ मंदिर रूप नगर भक्तावाला, जामा मस्जिद दीन मोहम्मद छेहरटा, मस्जिद सिकंदर खान हाल बाजार, मां बगलामुखी मंदिर, धर्मशाला मंदिर माता संतोषी शर्मा कालोनी तरनतारन रोड, श्री राम दरबार टुंडा तालाब, मंदिर माता काली गुफा वाला खजाना गेट, श्री आरती शिव दुर्गा मंदिर करतार नगर के अलावा एपीफेनी चर्च, द साल्वेशन आर्मी चर्च, चर्च आफ शालेम, सीएनआई का बिशप हाउस, सेवंथ डे एड्वेंटिस्ट चर्च में भी इस महामारी से देश को मुक्त करने की प्रार्थना की गई।

इसी तरह जिला कांग्रेस कमेटी की प्रधान जतिदर सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेस वर्करों और भाजपा के वरिष्ठ पार्षद जरनैल सिंह ढोट की अगुवाई में भाजपा नेताओं ने दिवंगत लोगों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्य समारोह श्री दुग्र्याणा तीर्थ में आयोजित किया गया जिसमें सर्व धर्म प्रार्थना के लिए तीर्थ कमेटी के प्रधान रमेश शर्मा, महासचिव अरुण खन्ना के अलावा मंदिर के मुख्य पुजारी बाल कृष्ण, पादरी रेवरेन्ट उदय सिंह, मुस्लिम कम्युनिटी से अब्दुल नूर, सिख समाज से सरबजीत सिंह विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने सर्व धर्म समभाव का संदेश देते हुए कोरोना महामारी से देश जल्दी उभरे, इसकी प्रार्थना की। इस अवसर पर सोमदेव शर्मा, हर्ष खन्ना, डिपल पंडित, विक्की दत्ता, संजीव हिदोस्तानी, राजन मेहरा, रोहन मेहरा, शक्ति कल्याण, नरिदर गोल्डी, आदर्श शर्मा, रोहित खन्ना, अशोक अरोड़ा, जुगल चावला, सुभाष दत्ता, सन्नी शर्मा, पिकेश गुलाटी, गोपाल अरोड़ा, दीपक भल्ला आदि हाजिर थे। पुलिस लाइन में जवानों ने भी की प्रार्थना

पुलिस कमिश्नर डा. सुखचैन सिंह के दिशानिर्देश पर एसीपी रिपुतापन की अगुवाई में पुलिस के जवानों ने पुलिस लाइन में प्रार्थना की और दैनिक जागरण के प्रयास की सराहना की। लारेंस रोड चौक में ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर प्रवीण कुमारी के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों के अलावा लोगों ने खुद रेड लाइट पर खडे़ होकर दो मिनट का मौन रखा। इसके अलावा डीसीपी परमिदर सिंह भंडाल ने भी अपने कार्यालय में सर्व धर्म प्रार्थना के जरिये कोरोना में मारे गए लोगों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। रंगोली बनाकर और कैंडल जला दी श्रद्धांजलि

रणजीत एवेन्यू रेजिडेंट्स की ओर से सर्व धर्म प्रार्थना के संदर्भ में रंगोली सजाई गई। रंगोली में सभी धर्मो के धार्मिक चिन्हों को प्रदर्शित करते हुए सर्व धर्म का संदेश दिया गया। इसके अलावा नेशनल ह्यूमन राइट व क्राइम कंट्रोल आर्गेनाइजेशन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर ओम शांति लिखते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की गई।

chat bot
आपका साथी