नुकसान की भरपाई न करने पर महिला के साथ पांच लोगों ने किया दुष्कर्म

सड़क दुर्घटना में वाहन का नुकसान होने पर 15 हजार रुपये की भरपाई नहीं करने पर कुछ लोगों ने भिडीसैदां थाने के अधीन पड़ते एक गांव में रहने वाली महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 11:00 PM (IST)
नुकसान की भरपाई न करने पर महिला के साथ पांच लोगों ने किया दुष्कर्म
नुकसान की भरपाई न करने पर महिला के साथ पांच लोगों ने किया दुष्कर्म

जागरण संवाददाता, अमृतसर: सड़क दुर्घटना में वाहन का नुकसान होने पर 15 हजार रुपये की भरपाई नहीं करने पर कुछ लोगों ने भिडीसैदां थाने के अधीन पड़ते एक गांव में रहने वाली महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। घटना 13 सितंबर शाम की है। वारदात के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। अब पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद रवैल सिंह, कुलवंत सिंह, परगट सिंह और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है। सब इंस्पेक्टर नवदीप कौर ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है। डाक्टरी जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है। महिला ने बताया कि उसका पति ट्रक चालक है। कुछ दिन पहले रवैल सिंह के वाहन की उनके ट्रक के साथ टक्कर हो गई थी। पंचायत ने फैसला किया था कि रवैल के वाहन के हुए नुकसान की भरपाई 15 हजार रुपये उसके पति को करनी होगी। महिला का पति तय समय में राशि का भुगतान नहीं कर सका। पीड़िता के मुताबिक, 13 सितंबर की शाम वह घर में अकेली थी। तभी पांचों आरोपित उनके घर पैसे लेने के लिए पहुंच गए। जब उसने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपितों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित फरार हो गए। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और रात उसकी सास जब घर पहुंची तो उसे किसी तरह अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालांकि अब महिला की सेहत में सुधार है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी