खेत में ले जाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म
कंबो थाने की पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मंगलवार की रात केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर : कंबो थाने की पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मंगलवार की रात केस दर्ज किया है। रछपाल सिंह नाम का युवक पीड़िता को अपनी बाइक पर बैठाकर किसी सुनसान इलाके में ले गया। वहां आरोपित का पहले से अन्य दोस्त भोला सिंह भी मौजूद था। दोनों ने पीड़िता को अपनी हवस का शिकार बनाया और जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। उधर, मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो चुकी है। सब इंस्पेक्टर नवदीप कौर ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
एक गांव में रहने वाली पीड़िता ने कंबो थाने की पुलिस को बताया कि 13 अगस्त को वह अपना मां के साथ किसी काम से बाजार जा रही थी। वहां उनका परिचित रछपाल सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर पहुंच गया। आरोपित ने उन्हें बताया कि वह भी शहर की तरफ जा रहा है और वह दोनों (मां-बेटी) उसकी बाइक पर बैठ जाएं। यह सुनकर पीड़िता और उसकी मां बाइक पर बैठ गई। रास्ते में आरोपित ने युवती की मां को उतार दिया और युवती को अपने साथ कंबो थाने के अधीन पड़ते एक सुनसान खेत में ले गया। वहां उसका साथी भोला सिंह पहले से मौजूद था। दोनों आरोपितों ने खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। घटना के बाद वह किसी तरह अपने परिवार के पास पहुंची और सारी घटना के बारे में जानकारी दी।