किसानों को ढाल बना रहे जोशी, जब मंत्री थे तो कुछ नहीं किया: जीवन गुप्ता

प्रदेश भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी गलत लाइन पकड़कर किसानों को ढाल बनाकर राजनीति कर रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 08:25 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 08:25 PM (IST)
किसानों को ढाल बना रहे जोशी, जब मंत्री थे तो कुछ नहीं किया: जीवन गुप्ता
किसानों को ढाल बना रहे जोशी, जब मंत्री थे तो कुछ नहीं किया: जीवन गुप्ता

जागरण संवाददाता, अमृतसर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जोन वन के प्रभारी और प्रदेश भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी गलत लाइन पकड़कर किसानों को ढाल बनाकर राजनीति कर रहे हैं। आज उन्हें किसानों की याद आ रही है, जबकि अकाली-भाजपा सरकार के समय वह इंडस्ट्रियल व लोकल बाडी मंत्री बने थे तो उन्होंने कितनी शहरवासियों और उद्योगपतियों की बातें की थीं। उस दौरान मंत्री पद के समय उन्होंने कुछ नहीं किया। अगर उस समय उन्होंने कुछ अच्छा काम किया होता तो सरकार रिपीट होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता शुक्रवार को अमृतसर पहुंचे थे और भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के बाद वह मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सरकारें तब ही सत्ता से बाहर होती हैं, जब परफार्मेस में कमी रहती है। उन्होंने कहा कि अहंकार हमेशा इंसान को पतन की तरफ ले जाता है और इसलिए अहंकार नहीं करना चाहिए। भाजपा पंजाब में हमेशा साफ सुथरा प्रशासन लोगों को देने के लिए चुनाव लड़ेगी। जो वादे किए जाएंगे, वह पूरे भी होंगे।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस का प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू को बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि पिछले दिनों कांग्रेस में चले कलह में सिद्धू ने सिर्फ अपने लिए ही लड़ाई लड़ी है। वह इसलिए लड़ रहे थे कि उन्हें या तो उप मुख्यमंत्री या पंजाब कांग्रेस का प्रधान बना दिया जाए। वह तो पहले भाजपा को मां पार्टी मानते थे, बाद में कांग्रेस उनकी मां पार्टी बन गई। कांग्रेस के कलह में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह का ऐसा हाल हो गया है कि लग ही नहीं रहा था कि वह सीएम हैं। इस लड़ाई में नुकसान सिर्फ लोगों का ही हुआ है। जीवन गुप्ता की बातों का जवाब देना जरूरी नहीं: जोशी

पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि वह जीवन गुप्ता की बातों का जवाब देना जरूरी नहीं समझते, क्योंकि उनका उनके (जोशी के) बराबर कोई लेवल नहीं है। वह आज तक अपना बूथ तक नहीं जिता सके।

chat bot
आपका साथी