मामूली बहस के बाद घर में घुसकर किया घायल
पुलिस थाना हेर कंबो के क्षेत्र नौशहरा कालोनियां मजीठा रोड में मामूली तकरारबाजी को लेकर कुछ लोगों ने हमलाकर दो महिलाओं सहित चार लोगों को घायल कर दिया।
संस, वेरका : पुलिस थाना हेर कंबो के क्षेत्र नौशहरा कालोनियां मजीठा रोड में मामूली तकरारबाजी को लेकर कुछ लोगों ने हमलाकर दो महिलाओं सहित चार लोगों को घायल कर दिया। घायलों की पहचान चरणजीत कौर पत्नी शमशेर सिंह निवासी वल्ला, कुलविदर सिंह, सुखविदर कौर व रंजीत सिंह तीनों निवासी नौशहरा के तौर पर हुई है।
कुलविदर सिंह ने कहा कि बुधवार दोपहर एक बजे के करीब पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति की बहू उनके घर की और दीवार पर कपड़े सूखने के लिए डाल रही थी। उसने महिला को कपड़े एक तरफ करने को कहा। इस पर उक्त महिला के पति ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। दो बजे उनकी भतीजी चरणजीत कौर व भतीजा रंजीत सिंह मिलने के लिए आए थे। उक्त व्यक्ति की ओर से अपने दो बेटों व सात अन्य लोगों के साथ मिलकर ईंट-पत्थर से हमला दिया। सिर पर चोट लगने के कारण वह और उसका भतीजा रंजीत सिंह घायल हो गए। जब उसकी पत्नी सुखविदर कौर बचाने के लिए आगे आई तो दातर मारकर उसे घायल कर दिया। मारपीट में उसकी भतीजी चरणजीत कौर की दोनों टांगें टूट गई। घटना की जानकारी तुरंत बल्ल कलां पुलिस चौकी में दी गई। पर देर शाम तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
पुलिस चौकी बल्ल कलां के इंचार्ज हरदीप सिंह ने कहा कि उनके पास मारपीट के संबंध में कोई शिकायत नहीं आई।