दिल्ली में धरने से लौट रहे किसान की सड़क दुर्घटना में मृत्यु, आज होगा गांव में संस्कार
जिले की तहसील बाबा बकाला के गांव महिसपुर निवासी 56 वर्षीय किसान कुलवंत सिंह पुत्र दरबारा सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर: जिले की तहसील बाबा बकाला के गांव महिसपुर निवासी 56 वर्षीय किसान कुलवंत सिंह पुत्र दरबारा सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई है। कुलवंत सिंह किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब का कार्यकर्ता था। वह संगठन के जत्थे के साथ दिल्ली सिघू बार्डर पर चल रहे धरने में शामिल होने के लिए गया था।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि जब वह आंदोलन से अपने गांव आ रहा था तो सोनीपत—करनाल रोड पर घरोड़ा टोल प्लाजा के पास दुर्गा कालोनी के समीप वह एक सड़क दुर्घटना के दौरान मृत्यु का शिकार हो गया। वीरवार को करनाल में ही कुलवंत सिह का पोस्टमार्टम हो रहा था। पंधेर ने बताया कि कुलवंत का शव वीरवार देर रात्रि उनके गांव पहुंच जाएगा। शुक्रवार को कुलवंत का अंतिम संस्कार उनके गांव महिसपुर में ही होगा जिसमें संगठन के नेता और कार्यकर्ता बढ़ी संख्या में शामिल होंगे।