इब्बन गांव की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

चाटीविड थानांतर्गत पड़ते इब्बन गांव में शनिवार सुबह पटाखा फैक्ट्री में जोरधार धमाके होने के बाद आग लग गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 12:06 AM (IST) Updated:Sun, 09 Aug 2020 12:06 AM (IST)
इब्बन गांव की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, मजदूरों ने भागकर बचाई जान
इब्बन गांव की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

जागरण संवाददाता, अमृतसर: चाटीविड थानांतर्गत पड़ते इब्बन गांव में शनिवार सुबह पटाखा फैक्ट्री में जोरधार धमाके होने के बाद आग लग गई। फैक्ट्री में काम कर रहे दस से 12 मजदूरों ने भाग कर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में पड़े बारूद के कारण धमाके इतने तेज थे कि ढाई किलोमीटर के दायर में पड़ते मकानों के शीशे तक चटक गए। फैक्ट्री की दीवार भी टूट गई। दमकल विभाग की छह गाड़ियां और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। चाटीविड थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने बताया कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

इब्बन गांव निवासी गुरविदर सिंह, प्रिस, रिशु लोगों ने बताया कि तरनतारन रोड पर रहने वाले तलविदर सिंह की इलाके में पटाखों की फैक्ट्री है। सारा साल फैक्ट्री में पटाखों का कारोबार चलता है। रात होने पर बारूद आता है और रात के समय ही उसे बाहर निकाला जाता है। शनिवार सुबह नौ बजे जब वह अपने घरों से निकले तो फैक्ट्री में अचानक धमाके होने शुरू हो गए। एक के बाद एक करके तीन धमाकों के बाद फैक्ट्री की छतें उड़ गई। दीवारें टूट गईं। उनमें लगी ईंटें दूर-दूर तक जाकर गिरीं। देखते ही देखते फैक्ट्री के अंदर काम करने वाले 10-12 मजदूर चीखते-चिल्लाते बाहर निकल गए। आग की लपटों ने चारों तरफ से फैक्ट्री को घेर लिया। धुएं के कारण कुछ दिखाई भी नहीं दे रहा था। रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। 20 मिनट के भीतर दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस बीच एक फायर फाइटर परमजीत मामूली रूप से जख्मी हो गया।

उधर, मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह ने बताया कि फैक्ट्री मालिक को लाइसेंस लेकर थाने बुलाया गया है। जांच करवाई जा रही है। सोमवार को लाइसेंस की वैधता के बारे में पता चलेगा।

chat bot
आपका साथी