मंदिरों में भगवान शिव के गूंजे जयकारे

सावन माह के सोमवार को शिवभक्तों ने शिव मंदिरों में जाकर भगवान शिव की आराधना की।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 11:32 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 11:32 PM (IST)
मंदिरों में भगवान शिव के गूंजे जयकारे
मंदिरों में भगवान शिव के गूंजे जयकारे

कमल कोहली, अमृतसर : सावन माह के सोमवार को शिवभक्तों ने शिव मंदिरों में जाकर भगवान शिव की आराधना की। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आराधना की। सावन माह को लेकर कई मंदिरों में प्रात: भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। कई भक्तों ने सोमवार को व्रत रखकर भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। इसके अलावा महिलाओं ने मां पार्वती की आराधना करके परिवार की सुख-शांति के लिए आराधना की।

श्री दुग्र्याणा तीर्थ परिसर में सावन माह के हर सोमवार 12 ज्योतिर्लिंगों की जलाभिषेक यात्रा करने का सिलसिला शुरू किया है, जिसके तहत सावन माह के सोमवार भक्तों ने 12 ज्योतिर्लिंगों का जल अभिषेक किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार पूजा अर्चना की गई। पूरी परिक्रमा में भक्तों ने यात्रा करके भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया। श्री दुग्र्याणा कमेटी के महासचिव अरुण खन्ना ने कहा कि 12 ज्योतिर्लिंग की जलाभिषेक यात्रा करने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को सावन माह की महत्ता की जानकारी देना है।

उधर, शिवाला वीरभान घी मंडी में भक्तों द्वारा शिवलिग का भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर खीर-पूड़े का प्रसाद भी वितरित किया गया। शिवपुरी शिवाला में भी भक्तों ने शिवलिग का भव्य श्रृंगार किया। प्रात: पूजा-अर्चना की गई। शिवाला गंगाराम, शिवाला भूतनाथ घी मंडी, शिवाला बोहड़ वाला, पंच रतन मंदिर लक्कड़ मंडी, श्री गोपाल मंदिर कश्मीर एवेन्यू, शिवाला ऊंचा व अन्य मंदिरों में भी भगवान शिव की आराधना की गई।

श्री आरती शिव दुर्गा मंदिर ट्रस्ट करतार नगर की ओर से मंदिर परिसर परम संत आरती देवा जी महाराज के सान्निध्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। परम संत आरती देवा जी महाराज ने कहा कि भगवान शिव की सावन माह में पूजा करने से भक्तों को विशेष फल मिलता है। इस अवसर पर पंडित सुमित शास्त्री शामिल थे।

शिवाला बाग भाइयां में प्रात: पुजारियों द्वारा भगवान शिव का श्री रूद्र अभिषेक किया गया। मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की गई तथा आरती करके भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। माता शारदा महेश्वरी ने मां शिव भोलेनाथ का गुणगान किया। इस अवसर पर संजय अरोड़ा, बलदेव राज बग्गा शामिल थे।

मंदिर श्री काली माता गेट खजाना में परम पूज्य मनोज जी महाराज के सानिध्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। महंत जी ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया।

chat bot
आपका साथी