जोशी का पुतला फूंकने पहुंचे डिपो होल्डर और समर्थक हुए आमने सामने

अनिल जोशी की तरफ से डिपो होल्डरों को अपशब्द कहे जाने से गुस्साए राशन डिपो होल्डर यूनियन पंजाब ने वीरवार को उनकी कोठी के बाहर पुतला फूंक प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:58 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 11:58 PM (IST)
जोशी का पुतला फूंकने पहुंचे डिपो होल्डर और समर्थक हुए आमने सामने
जोशी का पुतला फूंकने पहुंचे डिपो होल्डर और समर्थक हुए आमने सामने

जागरण संवाददाता, अमृतसर: पिछले दिनों एक रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी की तरफ से डिपो होल्डरों को अपशब्द कहे जाने से गुस्साए राशन डिपो होल्डर यूनियन पंजाब ने वीरवार को उनकी कोठी के बाहर पुतला फूंक प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनियन के सदस्य व जोशी समर्थक आमने-सामने हो गए और एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब 15 मिनट तक ऐसा चला। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों ने बीच बचाव करवाया और समर्थकों को कोठी में भेज दिया। यूनियन के पंजाब प्रधान सुरिदर सिंह शिदा ने चेतावनी दी है कि अगर पूर्व मंत्री जोशी ने 15 दिनों के भीतर डिपो होल्डरों के खिलाफ कहे गए अपशब्दों पर माफी नहीं मांगी तो आने वाले दिनों में पूरे पंजाब भर में उनका विरोध किया जाएगा। इतना ही नहीं आने वाले विधानसभा चुनावों में उनका पूरी तरह से बायकाट किया जाएगा।

यूनियन के चेयरमैन मनमोहन अरोड़ा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिन पहले एक रैली में अनिल जोशी ने डिपो होल्डरों को चोर कहा था। डिपो होल्डर चोर किस तरह से है। केंद्र सरकार ने गेहूं देना है और उसने बायोमीट्रिक मशीनें भी दे रखी हैं। इसमें सारा रिकार्ड बायोमीट्रिक मशीन में है। इसी तरह लोगों को राशन बांटा जा रहा है, तो ऐसे में वह किस तरह से चोर है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह खुद बताएं कि वह विधायक बनने से पहले क्या थे और अब क्या है। आज बड़ी बड़ी कोठियों के मालिक कैसे बन गए। शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल को इस बारे जवाब देना होगा।

यूनियन के पंजाब प्रधान सुरिदर सिंह शिदा ने कहा कि डिपो होल्डरों ने कोरोना के समय अपनी जान तली पर रखकर काम किया है। इस दौरान 8 से 9 लोगों की जान भी चली गई, लेकिन इसके बावजूद उन पर सवाल उठाए जा रहे है। प्रधानमंत्री अन्न योजना का राशन भी घर पर पहुंचाया गया। उनकी कमीशनें काफी समय की पेंडिग हैं, इसके बावजदू भी वह लोगों को राशन पहुंचा रहे है। उन्होंने कहा कि वह पूर्व मंत्री से चोर होने का सुबूत लेने आए हैं। अगर वह सुबूत नहीं दे सकते तो उनसे माफी मांग ले, अन्यथा उनका पूरे पंजाब में विरोध किया जाएगा। जोशी ने प्रेस कांफ्रेंस कर विजिलेंस जांच करवाने की बात कही थी

पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस करके कहा था कि वह लोगों की आवाज उठा रहे हैं। डिपो होल्डर लोगों को दिए जाने वाले सरकारी गेहूं में गोलमाल कर रहे हैं। घर के पांच-पांच सदस्यों की जगह दो सदस्यों का राशन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि डिपो होल्डरों ने उनका पुतला फूंकना है तो फूंक ले, लेकिन इससे पहले उन्हें एक एफिडेविट देना होगा कि वह ईमानदार है। अगर नहीं देते तो उनकी वह विजिलेंस से जांच करवाएंगे और उन्हें जेलों में भिजवाएंगे।

chat bot
आपका साथी