एडवांस हाजिरी लगाने वाले डाक्टरों को सिविल सर्जन ने जारी किए नोटिस

तरसिक्का स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में एक दिन पहले हाजिरी लगाने वाले डाक्टरों व सहयोगी स्टाफ पर विभागीय कार्रवाई की गाज गिरेगी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 07:54 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 07:54 PM (IST)
एडवांस हाजिरी लगाने वाले डाक्टरों को सिविल सर्जन ने जारी किए नोटिस
एडवांस हाजिरी लगाने वाले डाक्टरों को सिविल सर्जन ने जारी किए नोटिस

जागरण संवाददता, अमृतसर: तरसिक्का स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में एक दिन पहले हाजिरी लगाने वाले डाक्टरों व सहयोगी स्टाफ पर विभागीय कार्रवाई की गाज गिरेगी। सिविल सर्जन डा. चरणजीत सिंह ने इन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि जवाब संतोषजनक न हुआ तो इनकी उस दिन की अनुपस्थिति दर्ज की जाएगी और विभागीय कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग को लिखा जाएगा।

बीते शुक्रवार को सिविल सर्जन की अगुआई में प्रोग्राम आफिसरों की टीम ने तरसिक्का स्थित स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया था। सुबह आठ बजे टीम यहां पहुंच गई। इस दौरान हाजिरी रजिस्टर चेक किया गया तो इसमें दो डाक्टरों व तीन स्वास्थ्य कर्मियों की हाजिरी दर्ज थी। असल में इन लोगों ने एक दिन पहले यानी शुक्रवार शाम को ही शनिवार की हाजिरी दर्ज कर दी थी और आए नहीं। हाल ही में प्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सरकारी विभागों के स्टाफ को सुबह समय पर ड्यूटी पहुंचने का आदेश जारी किया था। इन डाक्टरों ने आदेश की अवहेलना ही नहीं की, अपितु एक दिन पहले ही हाजिरी दर्ज कर डाली।

डा. चरणजीत सिंह के अनुसार उन्होंने जिले के सभी एसएमओ के साथ बैठक की है। उन्हें आदेश दिया गया है कि सुबह आठ बजे हर हाल में कार्यस्थल पर पहुंचें। तरसिक्का स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसके साथ ही नारायणगढ़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र के लेटलतीफ स्टाफ से भी जवाबतलबी की गई है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इनका एक दिन का वेतन काटा जाएगा। ड्यूटी में जरा सी भी लापरवाही अब सहन नहीं होगी।

chat bot
आपका साथी