West Bengal : भाजपा नेता की हत्या के विरोध में 12 घंटे तक बागनान बंद, तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ हुई भिड़ंत

West Bengal विरोध-बंद को असफल बनाने के लिए तृणमूल ने लगाई पूरी ताकत। कई जगहों पर हुई झड़प। पुलिस ने छह भाजपा कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार। वहीं बंद को लेकर सुबह से ही यहां के विभिन्न इलाकों में तनाव की स्थिति भी बनी रही।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 09:12 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 09:12 PM (IST)
West Bengal : भाजपा नेता की हत्या के विरोध में 12 घंटे तक बागनान बंद, तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ हुई भिड़ंत
सड़कों पर वाहनों की संख्या भी अन्य दिनों की तुलना में काफी कम देखी गई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : हावड़ा के बागनान इलाके में शनिवार को महाअष्टमी की रात भाजपा नेता किंकर मांझी की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में  भाजपा द्वारा गुरुवार को बुलाए गए 12 घंटे के बागनान बंद के चलते इलाके में जनजीवन पूरी तरह ठप रहा। वहीं बंद को लेकर सुबह से ही यहां के विभिन्न इलाकों में तनाव की स्थिति भी बनी रही। बंद के कारण जहां अधिकतर दुकानें, बाजार व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहीं और सड़कों पर वाहनों की संख्या भी अन्य दिनों की तुलना में काफी कम देखी गई। 

नेता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए थे

दूसरी ओर बंद को असफल बनाने के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय विधायक अरुणाभ सेन सहित अन्य नेता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए थे। इसको लेकर कई जगहों पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प व मारपीट हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से विभिन्न स्थानों पर रैफ, कॉम्बैट फोर्स व बड़ी संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया गया था। 

समर्थकों को तितर-बितर करने का प्रयास 

बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह टायर जलाकर प्रदर्शन किया और सड़कों को भी अवरुद्ध कर दिया। इसको लेकर पुलिस कर्मियों के साथ भी भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। बागनान के रथतला इलाके में भाजपा समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। 

छह भाजपा कार्यकर्ताओं को पकड़ा गया

भाजपा ने इसको लेकर पुलिस प्रशासन पर बल प्रयोग का आरोप लगाया। पुलिस ने छह भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने जाने से रोका। इधर, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सौमित्र खान दोपहर में मृत भाजपा नेता के परिजनों से मिलने बागनान के लिए रवाना हुए। 

पुलिस ने गाड़ी रोकी और बैरिकेड लगाए

हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही पुलिस ने उनकी गाड़ी रोक दी और बैरिकेड भी लगा दिया। इसको लेकर पुलिस अधिकारी व भाजपा नेता के बीच जमकर कहासुनी हुई। हालांकि बाद में उन्हें वहां से जाने दिया गया। इसके बाद वह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। खान बाद में थाना भी गए और गिरफ्तार भाजपा कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। 

राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध कर किया प्रदर्शन

उल्लेखनीय है कि स्थानीय भाजपा नेता किंकर मांझी के पेट में गोली मारी गई थी। गोली मारने का आरोप उनके पड़ोसी पर लगा था, जो तृणमूल से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, 5 दिनों तक जिंदगी व मौत से जूझने के बाद बुधवार को कोलकाता के नीलरतन सरकार अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उन्हें कोरोना संक्रमित भी पाया गया था। वहीं उनकी मौत की खबर मिलते ही बुधवार को भी बागनान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया था।

chat bot
आपका साथी