Rajasthan Municipal Corporation Election 2020: जयपुर ग्रेटर, कोटा दक्षिण व जोधपुर दक्षिण नगर निगम के लिए मतदान कल

Rajasthan Municipal Corporation Election 2020 जयपुर ग्रेटर कोटा दक्षिण व जोधपुर दक्षिण नगर निगम के लिए रविवार को सुबह 730 से शाम 530 बजे तक मतदान होगा। मतगणना तीन नवंबर को होगी। तीनों निगमों में 19 लाख 45 हजार 575 मतदाता मतदान करेंगे।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 07:59 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 07:59 PM (IST)
Rajasthan Municipal Corporation Election 2020: जयपुर ग्रेटर, कोटा दक्षिण व जोधपुर दक्षिण नगर निगम के लिए मतदान कल
जयपुर, कोटा व जोधपुर नगर निगम के लिए मतदान।

जयपुर/जोधपुर, जेएनएन। राजस्थान के तीन नगर निगमों के लिए रविवार को मतदान होगा। जयपुर ग्रेटर, कोटा दक्षिण व जोधपुर दक्षिण नगर निगम के लिए रविवार को सुबह 7:30 से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। मतगणना तीन नवंबर को होगी। तीनों निगमों में 19 लाख 45 हजार 575 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें जयपुर ग्रेटर के 150 वार्डों में 12 लाख 29 हजार 202,जोधपुर दक्षिण के 80 वार्डों में तीन लाख 40 हजार 56 मतदाता मतदान करेंगे। इसी तरह कोटा दक्षिण निगम के 80 वार्डों में तीन लाख 76 हजार 317 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कोरोना महामारी को देखते हुए मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। बिना मास्क के किसी को भी मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

शनिवार सुबह पोलिंग पार्टियों को जिला निर्वाचन आयोग ने पोलिंग बूथ के लिए रवाना किया है। मतदान केंद्रों  पर रवानगी से पहले इन सभी पोलिंग पार्टियों को ट्रेनिंग दी गई। इसमें मतदान कैसे करवाने है। अगर ईवीएम खराब हो जाए तो उस स्थिति में क्या करना है। आदि विषयों के बारे में जानकारी दी गई। जयपुर जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा ने बताया कि शहर में 2048 मतदान केंद्र बनाये गए हैं। राज्य सरकार ने इस बार तीन बड़े शहरों जयपुर, कोटा व जोधपुर में दो-दो नगर निगम बनाए हैं। इनमें से एक-एक के चुनाव 20 अक्टूबर को संपन्न हो गए। अब रविवार को तीन अन्य के चुनाव होंगे।

जोधपुर नगर निगम चुनाव दक्षिण जोन के लिए मतदान रविवार को, प्रत्याशियों का डोर टू डोर संपर्क जारी

जोधपुर नगर निगम दक्षिण जोन के 80 वार्डों के लिए रविवार को मतदान होगा। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियों पूरी होने के साथ मतदान स्थलों को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाकर नजर रखी जा रही है। पुलिस का माकूल बंदोबस्त हो रखा है। रविवार को चुनाव संपन्न होने के बाद दोनों निगम उत्तर व दक्षिण की मतगणना तीन नवंबर को होगी।

दक्षिण निगम में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है। कई वार्डों में त्रिकोणीय संघर्ष भी नजर आ रहा है। हालांकि प्रत्याशियों ने अपनी अपनी जीत के लिए स्टार प्रचारकों का सहारा भी लिया है। कई वार्डों में शुक्रवार तक सभाएं और भोंपू प्रचार भी जोरों पर रहा। शनिवार को प्रत्याशियों ने डोर टू डोर संपर्क बनाए रखा है। रविवार को दक्षिण निगम के लिए प्रत्याशियों को भाग्य भी मतपेटियों में बंद हो जाएगा। दक्षिण में भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत, विधायक कांग्रेस मनीषा पंवार व भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। दक्षिण क्षेत्र से 3,39,537 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाता 1,75,701, महिला मतदाता 1,63,832 व ट्रांसजेंडर चार शामिल है।

रालोपा व राकांपा के प्रत्याशी भी मैदान में

निगम दक्षिण में भी मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा में है, लेकिन बसपा, रालोपा और राकांपा प्रत्याशियों के साथ कांग्रेस-भाजपा के बागी भी कई वार्डों में ताल ठोक रहे हैं। यहां इस बार कोविड की वजह से 246 सहायक मतदान केंद्रों के साथ 540 कुल बूथ बनाए गए हैं। 312 प्रत्याशियों में से यहां 122 महिलाएं हैं। दोनों निगम में इस बार महापौर पद महिलाओं के लिए आरक्षित है, लेकिन दक्षिण में उत्तर की अपेक्षा ज्यादा महिलाएं चुनावी रण में उतरी हुई हैं। इससे पहले गुरुवार को नगर निगम उत्तर के 80 वार्ड में चुनाव हुआ था। वहां 62.64 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शनिवार को प्रत्याशियों ने मत पर्चियां घर-घर तक पहुंचाने में लगे रहे। 

chat bot
आपका साथी