EXCLUSIVE: विधानसभा में बंपर जीत के बाद AAP का अगला लक्ष्य MCD की सत्ता : गोपाल राय

दिल्ली में आप की अब आगे की क्या रणनीति रहेगी इस पर वी के शुक्ला ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक व कैबिनेट मंत्री गोपाल राय से बात की।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 17 Feb 2020 09:56 AM (IST) Updated:Mon, 17 Feb 2020 12:03 PM (IST)
EXCLUSIVE: विधानसभा में बंपर जीत के बाद AAP का अगला लक्ष्य MCD की सत्ता : गोपाल राय
EXCLUSIVE: विधानसभा में बंपर जीत के बाद AAP का अगला लक्ष्य MCD की सत्ता : गोपाल राय

नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर जबर्दस्त जीत दर्ज की है। पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीती हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर अर¨वद केजरीवाल ने तीसरी बार शपथ ली है। इस जीत की सफलता के पीछे क्या है मुख्य कारण और जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी की अब आगे की क्या है रणनीति। इस पर वी के शुक्ला ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक व कैबिनेट मंत्री गोपाल राय से बात की। प्रस्तुत हैं बातचीत के मुख्य अंश।

दिल्ली में मिली भारी जीत के बाद देश की राजनीति को किस रूप में देख रहे हैं?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत से आम आदमी पार्टी उत्साहित है। देश भर से लोगों के फोन आ रहे हैं। लोग चाहते हैं कि जो काम दिल्ली में केजरीवाल ने किए हैं वह उनके यहां भी दिखाई दें। हम लोगों द्वारा शुरू किए गए फोन नंबर (9871010101) पर मिस कॉल करके आप के राष्ट्र निर्माण अभियान से देशभर से लोग जुड़ रहे हैं। इसका मकसद ही विस्तार के उद्देश्य से किया गया है। आज हमने दूसरे राज्यों के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। जिसमें इस बारे में चर्चा की है। हम लोगों ने फैसला किया है कि आगामी 23 फरवरी से 23 मार्च तक एक माह के लिए राष्ट्र निर्माण के लिए अभियान चलाया जाएगा। उसके बाद आगे की फैसला लिया जाएगा।

अगले पांच सालों के लिए सरकार की प्राथमिकताएं क्या हैं?

दिल्ली के विकास को लेकर हमारी प्राथमिकताएं स्पष्ट हैं। प्रदूषण को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जाना है। लोगों को दिल्ली में साफ हवा मिल सके इस पर लंबे समय तक चलने वाली योजनाओं पर भी काम किया जाना है। यमुना को साफ किया जाना है। सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में तेजी से काम किया जाना है। महिला सुरक्षा पर काम होना है।

दिल्ली में बसें लाए जाने के लिए क्या योजना है?

सरकार ने बसें लाने के लिए पूरा प्रयास किया। बसों को लाने का ऐसा मसला है कि इस कार्य में समय लगता है। आप ने देखा है कि बसें आनी शुरू हो गई हैं। पिछले कार्यकाल में स्टैंडर्ड साइज की क्लस्टर सेवा की 500 बसें आई हैं। 38 सौ बसों के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। इन बसों में से एक हजार के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ये बसें इसी माह से आनी शुरू हो जाएंगी। वहीं 28 सौ बसों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

अभी-अभी आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में दूसरी बार पूर्ण बहुमत से चुनाव जीता है? इसका श्रेय किसे देते हैं?

सीधे तौर पर इसका श्रेय दिल्ली की जनता को देते हैं। दिल्ली की जनता ने हमें भरपूर समर्थन दिया। दिल्ली की जनता ने हम पर भरोसा किया है। तमाम नकारात्मक ताकतें नाकाम रही हैं। बगैर जनता के साथ दिए कोई पार्टी चुनाव कैसे जीत सकती है। हमारे राष्ट्रवाद को जनता ने सराहा है।

आम आदमी पार्टी और भाजपा के राष्ट्रवाद में क्या अंतर है?

हमारा राष्ट्रवाद प्रेम और सौहार्द फैलाता है। हमारा राष्ट्रवाद समाज कल्याण और देश को आगे ले जाने की बात करता है। जबकि भाजपा का राष्ट्रवाद नफरत फैलाता है। देश को पीछे ले जाने की बात करता है।

कहा जा रहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी का अगला लक्ष्य एमसीडी का है, क्या रणनीति है?

बिल्कुल हमारा अगला लक्ष्य तीनों नगर निगमों में सत्ता हासिल करना है। इसके लिए पार्टी अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटेगी। अब जनता भी देख चुकी है कि आम आदमी पार्टी ही दिल्ली में विकास कार्य करा सकती है और तीनों नगर निगमों की बदहाल स्थिति को सुधार सकती है।

chat bot
आपका साथी