मोदीनगर अग्निकांड में 8 हुई मृतकों की संख्या, बखरवा गांव में पहुंचे सांसद और विधायक

भाजपा सांसद डॉ सत्यपाल सिंह गांव में पहुंचे हैं। वह ग्रामीणों से बात कर रहे हैं। इस बीच विधायक डॉ मंजू शिवाच भी गांव पहुंची पहुंची हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 11:03 AM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 11:27 AM (IST)
मोदीनगर अग्निकांड में 8 हुई मृतकों की संख्या, बखरवा गांव में पहुंचे सांसद और विधायक
मोदीनगर अग्निकांड में 8 हुई मृतकों की संख्या, बखरवा गांव में पहुंचे सांसद और विधायक

मोदीनगर (गाजियाबाद), अनिल त्यागी। मोदीनगर थाना क्षेत्र के बखरवा गांव में घनी आबादी के बीच चलाई जा रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में रविवार को हुए अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। सोमवार सुबह दो किशोरियों के शव बरामद हुए हैं। जबकि एक अन्य शव मिला है। मृतकों की पहचान इशू और पारुल के रूप में हुई। जबकि तीसरे मृतक की पहचान अक्षित के रूप में हुई है। ये तीनों विजयनगर के रहने वाले थे। तीनों लोग नाबालिग बताए जा रहे हैं। 

गंभीर रुप से घायल चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ की टीम मलबे में दबे लोगों की तलाश में रविवार शाम से जुटी हुई थी। सोमवार तड़के मलबे में से तीन और शव मिले।

इस बीच बखरवा गांव में बागपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ सत्यपाल सिंह गांव में पहुंचे हैं। वह ग्रामीणों से बात कर रहे हैं। इस बीच विधायक डॉ मंजू शिवाच भी गांव में पहुंची पहुंची हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सांसद और विधायक संवेदना जताने के साथ ही ग्रामीणों से अग्निकांड की सारी जानकारी ले रहे हैं। 

अग्निकांड में मारे गए लोगों को 4-4 लाख मिलेगा मुआवजा

गाजियाबाद जिला प्रशासन ने मृतक आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद और घायलों के मुफ्त इलाज के साथ ही उन्हें 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना के लिए शोक जताया है और डीएम से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।

रविवार को लगी थी आग

बखरवा गांव की घनी आबादी स्थित एक मकान में काफी समय से अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। इसमें छोटे और बड़े पटाखों के साथ शादियों में छोड़े जाने वाले बम बनाए जाते थे। इसमें गांव की कई महिलाएं काम करती थीं। ग्रामीणों को बताया गया था कि फैक्ट्री में जन्मदिन की पार्टी में इस्तेमाल होने वाली फुलझड़ी व मोमबत्ती बनाई जाती हैं। रविवार को भी फैक्ट्री में करीब 20 महिलाएं व पुरुष काम कर रहे थे। दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे के करीब फैक्ट्री से तेज धमाका सुनाई दिया और चारों तरफ धुआं फैल गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम करीब चार बजे मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड व पुलिसकर्मियों ने 12 लोगों को मकान से बाहर निकाला। इनमें से आठ की मौत हो चुकी थी, जबकि चार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। इन लोगों की मौत जलने और दम घुटने से हुई है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते मौके पर एनडीआरएफ की टीम को बुला लिया गया। पीछे की दीवार तोड़कर जेसीबी से मलबा हटाने का काम देर शाम तक चला था।

chat bot
आपका साथी