दुष्यंत चौटाला ने मांगा योगेश्वर के लिए वोट, कहा- बरोदा के विकास की बारी आई तो कहां चले गए थे हुड्डा

Baroda Haryana By Election 2020 उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को बरोदा हलका के उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के प्रत्याशी योगेश्वर दत्त के समर्थन में गांव गंगाना भावड़ रुखी मदीना व रभड़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 10:04 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 07:00 AM (IST)
दुष्यंत चौटाला ने मांगा योगेश्वर के लिए वोट, कहा- बरोदा के विकास की बारी आई तो कहां चले गए थे हुड्डा
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का स्वागत करते हुए लोग।

गोहाना (सोनीपत), जागरण संवाददाता। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा दस साल तक मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन्हें विकास के लिए बरोदा हलका नजर नहीं आया। जब बरोदा के विकास की बारी आई थी तो हुड्डा पता नहीं कहां चले गए थे। उन्होंने कहा कि हुड्डा के राज में किसानों की करीब 72 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहण करके कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद और अपने दामाद को देने का काम किया। चौटाला ने यह बात गांव गंगाना में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को बरोदा हलका के उपचुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के प्रत्याशी योगेश्वर दत्त के समर्थन में गांव गंगाना, भावड़, रुखी, मदीना व रभड़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बरोदा हलका के लोगों पास उपचुनाव के रूप में अच्छा मौका आया है। बरोदा के लोग अगर अपने क्षेत्र का विकास चाहते हैं तो चुनाव में सोच समझ कर मतदान करें और गठबंधन के प्रत्याशी को जिताएं। चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा और उनके बेटे राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों एक साल से बरोदा में कभी नहीं आए और अब उपचुनाव में वोट के लिए गली-गली घूम रहे है। उन्होंने कहा कि बरोदा कभी उप प्रधानमंत्री देवीलाल का गढ़ रहा है और उपचुनाव इस गढ़ में वापसी का अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंडियां व फसलों का एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) खत्म नहीं होगा। चौटाला ने दावा किया कि गठबंधन की सरकार ने एक साल में बरोदा में जितना विकास करवाया है पहले कभी नहीं हुआ।

एक साल तक बरोदा में क्यों नजर नहीं आए पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा व उनके बेटे

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके बेटे राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक साल तक पिता-पुत्र बरोदा में क्यों नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि जब कभी बरोदा की विकास की बात आई तो ये कभी बरोदा के नहीं हुए। उन्होंने पूछा कि कितनी बार बरोदा के विकास के लिए वे आगे आए और यहां के लोगों के लिए काम किया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों की जमीन हड़पकर रॉबर्ट वाड्रा जैसे बाहरी लोगों से प्रदेश का लुटवाया है। गठबंधन की सरकार में पूरे प्रदेश सहित बरोदा में भी काफी विकासकार्य हुए।

देवीलाल का गढ़ है बरोदा, योगेश्वर जीतेंगे

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बरोदा हलका पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल का गढ़ है और यहां से गठबंधन के प्रत्याशी योगेश्वर दत्त बरोदा के उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि बरोदा के विकास व बदलाव के लिए क्षेत्र के लोग गठबंधन के उम्मीदवार पहलवान योगेश्वर दत्त को वोट दें। चौटाला ने कहा कि पहलवान योगेश्वर दत्त ने देश व विदेश में हरियाणा का नाम रोशन किया है। योगेश्वर अपनी इसी पहचान के कारण क्षेत्र के विकास के लिए राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के कार्यालय तक जा सकते है जबकि कांग्रेस उम्मीदवार केवल भूपेंद्र सिंह हुड्डा तक सीमित हैं।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी