पुंछ में एलओसी पर फ्लैग मीटिंग, सीमावर्ती ग्रामीणों की सुरक्षा पर हुई बात

भारत व पाकिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलाबारी न करने पर सहमति बनने के बाद पहली बार शुक्रवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर दोनों देशों की सेना के अधिकारियों की फ्लैग मीटिंग हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Mar 2021 05:04 AM (IST) Updated:Sat, 27 Mar 2021 05:04 AM (IST)
पुंछ में एलओसी पर फ्लैग मीटिंग, सीमावर्ती ग्रामीणों की सुरक्षा पर हुई बात
पुंछ में एलओसी पर फ्लैग मीटिंग, सीमावर्ती ग्रामीणों की सुरक्षा पर हुई बात

संवाद सहयोगी, पुंछ : भारत व पाकिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर गोलाबारी न करने पर सहमति बनने के बाद पहली बार शुक्रवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर दोनों देशों की सेना के अधिकारियों की फ्लैग मीटिंग हुई है। ब्रिगेडियर स्तर की इस बैठक में दोनों देशों में बनी सहमति पर लगातार कायम रहने पर बात हुई है। बैठक अच्छे माहौल में हुई है। इस दौरान दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने एक-दूसरे को उपहार भेंट किए।

दोनों देशों के बीच पुंछ में नियंत्रण रेखा पर चक्कां द बाग में हुई यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण रही है। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच बैठक का सबसे अहम मुद्दा नियंत्रण रेखा के पास बसे लोगों की सुरक्षा को लेकर रहा। बातचीत में कहा गया कि नियंत्रण रेखा के नजदीक के इलाकों में रहने वाले स्थानीय लोग या उनके मवेशी कभी-कभार नियंत्रण रेखा के बिल्कुल पास पहुंच जाते हैं। इस पर नियंत्रण रखा जाए। बिना कारण गोलाबारी नहीं की जाए।

सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों को यह भी स्पष्ट तौर पर कहा है कि नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ सहन नहीं की जाएगी। अगर कोई भी व्यक्ति भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। समझौते को तोड़ते हुए अगर गोलाबारी की जाती है तो भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब देगी।

पिछले दिनों भारत और पाकिस्तान के बीच डीजीएमओ स्तर पर बातचीत हुई थी। इसमें दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम समझौते पर फिर से अमल करने पर बात हुई थी। तब से अब तक सीमा पर कोई गोली नहीं चली है।

chat bot
आपका साथी