जग्गी बोले, विकास को दी धार तभी मिला आधार

नगर निगम धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने इस बार भी जीत हासिल की है। हालांकि इस बार उनका पूर्व वार्ड नंबर दस श्यामनगर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था तो वह वार्ड नंबर 11 रामनगर से चुनाव मैदान में थे।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 05:23 PM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 05:23 PM (IST)
जग्गी बोले, विकास को दी धार तभी मिला आधार
नगर निगम धर्मशाला के श्यामनगर वार्ड से नवनिर्वाचित पार्षद देवेंद्र जग्गी। जागरण

धर्मशाला, जागरण संवाददाता। नगर निगम धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने इस बार भी जीत हासिल की है। हालांकि इस बार उनका पूर्व वार्ड नंबर दस श्यामनगर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित था तो वह वार्ड नंबर 11 रामनगर से चुनाव मैदान में थे। पूर्व में बतौर महापौर रहे देवेंद्र जग्गी ने अपने वार्ड ही नहीं बल्कि अन्य वार्डों में भी विकास कार्यों को तरजीह दी थी। उनके कार्यों का ही यह परिणाम भी रहा कि वह अपना वार्ड बदलकर दूसरे वार्ड से चुनाव मैदान में उतरे और जीत भी हासिल की। नगर निगम के चुनावों में दूसरी बार चुनाव जीते देवेंद्र जग्गी ने अपने पहले चुनाव के दौरान जो वायदे किए थे, उन्हें तो पूरा  किया ही वहीं अन्य वार्डों में विकास को लेकर वह आगे रहे। अपने पुराने वार्ड को छोड़कर दूसरे नए वार्ड से चुनाव जीतकर उन्होंने यह भी दर्शा दिया कि विकास के नाम पर भी वोट पार्षदों को मिलते हैं। नए वार्ड रामनगर से चुनाव मैदान में उतरे देवेंद्र जग्गी ने यहां पर भी विकास के नाम भी वोट लिए और जीत भी हासिल की। रामनगर वार्ड में उनके समक्ष भाजपा के अनीश कुमार, आप से सूरज शर्मा व आजाद प्रत्याशी के रुप में बलजीत कुमार खड़े थे, जिनको हराते हुए देवेंद्र जग्गी ने कांग्रेस की सीट से जीत हासिल की है। 

जग्गी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता में सीवरेज व्यवस्था में सुधार, ई बस सेवा, स्वच्छता, स्ट्रीट पार्किंग, बेसहारा पशुओं के लिए गौसदन का निर्माण या उन्हें अन्य गौसदनों में भेजना व आवारा कुत्तों की वेक्सीनेशन करवाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। इसके इलावा जहां पर कुछ अन्य समस्याएं भी होंगी उनका भी हल करवाया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी