राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बोले, हरियाणा से लंबित मसले जल्द हल करवाएंगे

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि हरियाणा से लंबित पड़े भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के मसले का अध्ययन करने के बाद वह हिमाचल को हक दिलाने का प्रयास करेंगे। गौर रहे कि दत्तात्रेय को अब हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 09:09 PM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 09:09 PM (IST)
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बोले, हरियाणा से लंबित मसले जल्द हल करवाएंगे
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के सम्मान में हाई-टी का आयोजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। जागरण

शिमला, राज्य ब्यूरो। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा है कि हरियाणा से लंबित पड़े भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के मसले का अध्ययन करने के बाद वह हिमाचल को हक दिलाने का प्रयास करेंगे। गौर रहे कि दत्तात्रेय को अब हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। रविवार को शिमला स्थित राजभवन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चीन की सीमा पर हरकतों को ध्यान में रखते हुए हमें भी पैनी नजर रखने की जरूरत है। चीन जिस तरह से कब्जे वाले तिब्बत में आधारभूत ढांचा विकसित कर रहा है, वैसा हमें भी करना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को इस संबंध में अवगत करवाया है। वह समझते हैं कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों में विश्वास बढ़ाने की जरूरत हैै। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व डीजीपी संजय कुंडू से भी चर्चा की है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश के किसान-बगवानों को उनकी उपज का अच्छा मूल्य मिलना चाहिए। भले ही वह यहां से जा रहे हैं, मगर बागवानी और कृषि मंत्री को पत्र लिख रहे हैं कि इस दिशा में काम किया जाए। उन्होंने स्वीकार किया कि यहां उनका मन लग गया था और वह जाना नहीं चाहते थे।

कांगड़ा के शक्तिपीठ देश में प्रचारित करने की जरूरत

राज्यपाल ने कहा कि कांगड़ा जिले के शक्तिपीठों को पूरे देश में प्रचारित और लोकप्रिय करने की जरूरत है। वह प्रदेश विशेषकर कांगड़ा जिले के शक्तिपीठों का प्रचार करने का काम करते रहेंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दक्षिण के राज्यों को उत्तर भारत से जोड़ा जाना चाहिए।

सुनिश्चित होनी चाहिए न्यूनतम मजदूरी

उनका कहना था कि प्रदेश में न्यूनतम मजदूरी मिलनी सुनिश्चित होनी चाहिए। इस हक से किसी को वंचित नहीं रखा जा सकता है। जिस क्षेत्र में महिलाएं काम करती हैं, उन्हें वेतन संबंधी मामलों से वंचित नहीं किया जा सकता है।

एचपीयू के कुलपति को अंतरात्मा की आवाज सुन दिया सेवाविस्तार

दत्तात्रेय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के कुलपति सिकंदर कुमार को उन्होंने अंतरात्मा की आवाज पर एक साल का सेवाविस्तार दिया। इस मामले में उन्हें जो लगा, वैसा ही किया।

विधानसभा की घटना के लिए विपक्ष को माफ किया

विपक्ष की ओर से बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विरोधात्मक घटना पर दत्तात्रेय ने कहा कि कि उन्होंने इसके लिए कांग्रेस विधायकों को माफ कर दिया है। कांग्रेस विधायक उनके पास राजभवन आए थे और माफी मांगी थी। ऐसे में उन्हें माफ कर दिया था।

chat bot
आपका साथी