डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे ने लिया संघ और भाजपा नेताओं से फीडबैक

डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेताओं से अलग--अलग बातचीत की और प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालात पर फीडबैक लिया।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Fri, 21 Sep 2018 11:15 PM (IST) Updated:Fri, 21 Sep 2018 11:22 PM (IST)
डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे ने लिया संघ और भाजपा नेताओं से फीडबैक
डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे ने लिया संघ और भाजपा नेताओं से फीडबैक

भोपाल, नईदुनिया स्टेट ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे हाईकमान के निर्देश पर शुक्रवार को भोपाल आए। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा नेताओं से अलग--अलग बातचीत की और प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालात पर फीडबैक लिया। एससीएसटी एक्ट के विरोध के बाद प्रदेश में भड़के सामान्य वर्ग के आंदोलन और उसके नफा नुकसान के बारे में उन्होंने दिग्गज नेताओं के साथ विचार विमर्श किया।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक डॉ. विनय सहस्त्रबुद्घे ने शुक्रवार को सुबह संघ के क्षेत्रीय कार्यालय समिधा में मप्र--छग के क्षेत्र प्रचारक विजय बिस्पुते से मुलाकात की। इस मुलाकात में प्रदेश के राजनीतिक हालात में आए बदलाव पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि एससीएसटी एक्ट में संशोधन के बाद से सामान्य वर्ग की नाराजी से उपजे आंदोलन पर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके अलावा प्रदेश में कांग्रेस की जमीनी हालत पर संघ द्वारा जुटाए फीडबैक पर दोनों नेताओं ने विचार साझा किए। दोपहर को सहस्त्रबुद्घे ने भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह से मुलाकात की। शाम को उन्होंने संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं से उन्होंने फीडबैक लिया और 25 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों पर बात की। वे शनिवार को जबलपुर जाएंगे और 24 व 25 सितंबर को भोपाल में रहेंगे।

chat bot
आपका साथी