भाजपा को संगठित करने के लिए पूरे कर्नाटक की यात्रा करेंगे येदियुरप्पा, चुनाव में 140 से 150 सीटें जीतने का लक्ष्य

कर्नाटक में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है। भाजपा ने चुनाव में 140 से 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पार्टी को संगठित करने के लिए पूरे कर्नाटक की यात्रा करेंगे।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Mon, 04 Jan 2021 08:32 AM (IST) Updated:Mon, 04 Jan 2021 08:32 AM (IST)
भाजपा को संगठित करने के लिए पूरे कर्नाटक की यात्रा करेंगे येदियुरप्पा, चुनाव में 140 से 150 सीटें जीतने का लक्ष्य
भाजपा नेअगले विस चुनाव में बनाया 140 से 150 सीटें जीतने का लक्ष्य।

बेंगलुरु, प्रेट्र। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को कहा कि भाजपा ने अगले विधानसभा चुनाव में 140 से 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है और वह इसे हासिल करने के लिए पार्टी को संगठित करने की खातिर जल्द ही पूरे राज्य का दौरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने शिवमोगा में भाजपा की राज्य इकाई की विशेष बैठक का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही। बैठक में कर्नाटक के प्रभारी महासचिव अरुण सिंह, राज्य इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी तथा सदानंद गौड़ा और राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि समेत कई अन्य नेता मौजूद थे। कर्नाटक में अगले विधानसभा चुनाव साल 2023 में होने हैं। साल 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को 104, कांग्रेस को 78 और जद (एस) को 37 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

इस बीच, अरुण सिंह ने कहा है कि येदियुरप्पा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने रहेंगे और राज्य मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने पार्टी से संबंधित मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से बयान देने वाले नेताओं को भी आगाह किया। सिंह ने कहा कि मैं कई बार कह चुका हूं कि येदियुरप्पा हमारे मुख्यमंत्री हैं और वे पद पर बने रहेंगे। वे समाज के सभी वर्गो का ध्यान रखते हैं। वे राज्य में पार्टी के प्रमुख नेताओं में एक हैं।

chat bot
आपका साथी