महाराष्ट्र से आने वालों लोगों को भी 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहना होगा: येदियुरप्पा

कर्नाटक ने महाराष्ट्र से आने वालों को सात दिनों के अनिवार्य संस्थागत क्वारंटाइन से दी छूट। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी कहा है कि देश को कोरोना के साथ जीना सीखना होगा।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 07:57 PM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 07:59 PM (IST)
महाराष्ट्र से आने वालों लोगों को भी 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहना होगा: येदियुरप्पा
महाराष्ट्र से आने वालों लोगों को भी 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहना होगा: येदियुरप्पा

बेंगलुरु, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने भी कहा है कि देश को कोरोना के साथ जीना सीखना होगा, क्योंकि दूसरा कोई विकल्प नहीं है। उधर, कर्नाटक सरकार ने महाराष्ट्र से आने वाले लोगों के लिए सात दिनों के अनिवार्य संस्थागत क्वारंटाइन से छूट दे दी है। अब उन्हें भी दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की तरह 14 दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहना होगा।

विधानसभा में बाबू जगजीवन राम को उनके परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि देते हुए येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा, 'हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। हमें कोरोना के साथ जीना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यही बात कह चुके हैं। हमने एंबुलेंस की संख्या बढ़ा दी है। कोरोना संक्रमण से मुकाबले के लिए हमने सारी तैयारियां कर ली हैं। हमें खुद को बचाना होगा।'

उधर राज्य के प्रधान सचिव वित्त (आपदा प्रबंधन) व राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य सचिव एन. मंजूनाथ प्रसाद के आदेश के अनुसार, 'महाराष्ट्र समेत दूसरे किसी भी राज्य से कर्नाटक वाले व्यक्ति को 14 दिनों के होम क्वारंटाइन में भेजा जाएगा।' इससे पहले सरकार ने दिल्ली व तमिलनाडु से आने वाले लोगों के लिए भी तीन दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन में छूट प्रदान की थी। दोनों राज्यों से आने वाले लोगों के लिए 14 दिनों का होम क्वारंटाइन अनिवार्य कर दिया गया था। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी अन्य गाइडलाइन का पालन करना होगा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राज्य में कोरोना संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 23,474 है, जिसमें से 9847 लोग इलाज के बाद ठीक हो गए हैं और अभी राज्य में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 13215 है। कोरोना संक्रमण के चलते राज्य में 372 लोगों की मौत हो चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 6, 97,413 हो गई है। इनमें से 2,53,287 एक्टिव केस हैं और 4,24,433 मरीज ठीक हो गए हैं और 19,693 लोगों की मौत हो गई है। मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 24,248 नए मामले सामने आए हैं और 425 लोगों की मौत हो गई है। 60.85 फीसद मरीज संक्रमण से उबर गए हैं। इस दौरान कोरोना वायरस के 1,80,596 सैंपल टेस्ट हुए। पांच जुलाई तक कुल 99,69,662 सैंपल टेस्ट हो गए हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने इसकी जानकारी दी है।

देश में सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। राज्य में अब तक 206619 मामले सामने आ गए हैं और 8822 लोगों की मौत हो गई है। कुल सामने आए मामलों में से 86,057 एक्टिव केस हैं, जबकि 11,1740 लोग संक्रमण से उबर गए हैं। तमिलनाडु में 1,11,151 मामले सामने आए हैं। इनमें से 46,863 एक्टिव केस हैं और 62,778 मरीज ठीक हो गए हैं और 1510 लोगों की मौत हो गई है।

दिल्ली में 99,444 मामले सामने आए हैं। इनमें से 25,038 एक्टिव केस है। 71,339 मरीज ठीक हो गए हैं और 3067 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश में 27,707 मामले सामने आ गए हैं और इनमें से 8161 एक्टिव केस है और 18,761 मरीज ठीक हो गए हैं। 785 लोगों की मौत हो गई है।

बता दें दुनियाभर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों के मामले भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। भारत आज रूस से इस मामले में आगे निकल गया। हालांकि, रोजाना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मरीजों के स्वस्थ होने की दर में लगातार वृद्धि हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को जानकारी दी कि दिल्ली, यूपी और गुजरात समेत देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना के मरीजों के स्वस्थ होने की दर राष्ट्रीय औसत 60.77 फीसद से ज्यादा है।

chat bot
आपका साथी