अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता चाहता है भारत, राज्यसभा में बोले वी मुरलीधरन

राज्यसभा में गुरुवार को विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ( V Muraleedharan) ने कहा कि अफगानिस्तान में संप्रभुता लोकतंत्र और शांति का भारत समर्थन करता है और इसपर काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय हितधारकों के साथ है।

By Monika MinalEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 03:43 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 03:43 PM (IST)
अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता चाहता है भारत, राज्यसभा में बोले वी मुरलीधरन
अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता चाहता है भारत

नई दिल्ली, प्रेट्र। अफगानिस्तान में संप्रभुता, लोकतंत्र और शांति के प्रति भारत ने समर्थन जताते हुए कहा कि इस मामले पर अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय हितधारकों के साथ है। राज्यसभा में गुरुवार को विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ( V Muraleedharan) ने यह बयान दिया। बता दें कि एक दिन पहले ही भारत और अमेरिका ने अफगानिस्तान में हिंसा को खत्म कर स्थायी राजनीतिक हल के लिए तत्काल अफगान शांति प्रक्रिया पर जोर दिया था।

मुरलीधरन ने कहा की भारत उन सभी पहलों के प्रति अपना समर्थन देगा जिससे अफगानिस्तान की समस्या का हल हो सके। दरअसल 1 मई से अफगानिस्तान में मौजूद अमेरिकी सेना की वापसी हो रही है जो अगस्त अंत तक खत्म हो जाएगी। बाइडन प्रशासन ने अप्रैल में ही कहा था कि अफगानिस्तान से यह अपने सैनिकों की वापसी करेगी। विदेशी सैनिकों की वापसी के साथ ही देश में तालिबान (Taliban) ने अपना हिंसात्मक रंग दिखाना शुरू कर दिया है। तालिबान ने अफगानिस्तान सुरक्षा बालों के साथ ही आम लोगों पर भी हमला तेज कर दिया है। तालिबान का दावा है कि अफगानिस्तान के दो तिहाई इलाके पर अब उसका नियंत्रण है।

मुरलीधरन से सवाल पूछा गया था कि अफगानिस्तान के मुद्दों को सुलझाने के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर भारत सरकार क्या कर रही है। इसके जवाब में ही उन्होंने आज सदन में कहा कि पड़ोसी और रणनीतिक साझेदार होने के नाते संप्रभु, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण अफगानिस्तान को लेकर भारत की दृढ़ नीति है। भारत की नीति ऐसे अफगानिस्तान की है जहां महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यक सहित अफगान समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा हो।

मुरलीधरन ने बताया कि भारत शांति के जरिए समाधान का पक्षधर है। उन्होंने कहा कि भारत अफगान नेतृत्व, अफगान के स्वामित्व वाली और अफगान नियंत्रित प्रक्रिया के जरिए स्थायी राजनीतिक समाधान की ओर ले जाने वाली सभी शांति पहलों का समर्थन करता है। इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता आएगी।

chat bot
आपका साथी