गोवा में मनोहर पर्रीकर कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, दो नए मंत्रियों की नियुक्ति

गोवा में सियासी घमासान के बीच मनोहर पर्रीकर कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया गया है। कैबिनेट में शामिल दो मंत्रियों को मंत्रिमंडल से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

By Nancy BajpaiEdited By: Publish:Mon, 24 Sep 2018 12:30 PM (IST) Updated:Mon, 24 Sep 2018 07:00 PM (IST)
गोवा में मनोहर पर्रीकर कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, दो नए मंत्रियों की नियुक्ति
गोवा में मनोहर पर्रीकर कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, दो नए मंत्रियों की नियुक्ति

पणजी (पीटीआइ)। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर ने बीमार चल रहे अपने दो मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर कर उनकी जगह दो नए चेहरों को सरकार में शामिल किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रिमंडल से बाहर किए गए भाजपा के दोनों मंत्री फ्रांसिस डिसूजा और पांडुरंग मडकईकर पिछले कुछ समय से बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी जगह भाजपा के दो विधायकों निलेश काबराल और मिलिंद नाइक को सरकार में शामिल किया गया है।

सोमवार की शाम राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने राजभवन में आयोजित सादे समारोह में दोनों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। नाइक पूर्ववर्ती लक्ष्मीकांत पारसेकर सरकार में बिजली मंत्री रह चुके हैं जबकि काबराल पहली बार मंत्री बने हैं।शहर विकास मंत्री डिसूजा और बिजली मंत्री मडकईकर को ऐसे वक्त में कैबिनेट से बाहर किया गया है, जब मुख्यमंत्री पर्रीकर स्वयं दिल्ली के एम्स में इलाज करा रहे हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि पर्रीकर ने दोनों मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर करने की सिफारिश की थी। लगभग डेढ़ साल में यह पर्रीकर सरकार का दूसरा फेरबदल है।डिसूजा फिलहाल अमेरिका के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि जून में आघात लगने के बाद से मडकईकर का इलाज मुंबई के एक अस्पताल में चल रहा है। गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा था कि पर्रीकर मुख्यमंत्री बने रहेंगे, लेकिन कैबिनेट में कुछ फेरबदल जरूर होगा।

chat bot
आपका साथी