केंद्रीय कानून राज्य मंत्री बघेल ने कहा, पश्चिम यूपी में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना पर विचार को तैयार है मोदी सरकार

यूपी के आगामी विधानसभा चुनावों में कृषि कानून विरोधी आंदोलन के प्रभाव के बारे में बघेल ने कहा कि ये कानून संसद ने पारित किए हैं तो इन्हें काले कानून कैसे कहा जा सकता है। अधिकांश किसानों ने इस बात को समझ लिया है और वे भाजपा के साथ हैं।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 09:24 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 09:24 PM (IST)
केंद्रीय कानून राज्य मंत्री बघेल ने कहा, पश्चिम यूपी में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना पर विचार को तैयार है मोदी सरकार
केंद्रीय मंत्री ने यूपी में भाजपा सरकार की वापसी का जताया विश्वास (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, आइएएनएस। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा है कि मोदी सरकार पश्चिम उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाई कोर्ट की बेंच स्थापित करने पर विचार को तैयार है। साथ ही उन्होंने कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों से आह्वान किया कि वे समझौता करने की पहल करें और विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में वापसी करेगी।

हर जिले में की गई विशेष पोक्सो अदालतों की स्थापना

एक साक्षात्कार में कानून मंत्रालय की उपलब्धियों के बारे में बघेल ने कहा कि हर जिले में विशेष पोक्सो अदालतों की स्थापना की गई है, हाई कोर्टो और सुप्रीम कोर्ट में जजों की कमी को दूर किया गया है। जजों की नियुक्ति के संबंध में सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम की सिफारिशों पर फैसले में तेजी लाई जा रही है। प्रधान न्यायाधीश ने भी तीन बार केंद्र की सराहना की है।

300 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा: बघेल

उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में कृषि कानून विरोधी आंदोलन के प्रभाव के बारे में बघेल ने कहा कि ये कानून संसद ने पारित किए हैं तो इन्हें काले कानून कैसे कहा जा सकता है। अधिकांश किसानों ने इस बात को समझ लिया है और वे भाजपा के साथ हैं। चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी।

मजबूत कानून एवं व्यवस्था योगी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि

उन्होंने कहा कि मजबूत कानून एवं व्यवस्था योगी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। लोगों को 'बहनजी' (मायावती) की जातिवादी सरकार याद है और वे सपा सरकार के 'जंगल राज' में लौटना नहीं चाहते। प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रियता के बारे में बघेल ने कहा कि वह राजनीतिक रूप से पहले ही फ्लाप हो चुकी हैं और 'युवराज' (राहुल गांधी) भी अपनी पारंपरिक सीट अमेठी से हार चुके हैं।

chat bot
आपका साथी