संबित पात्रा ने कसा तंज, कहा- कांग्रेस पार्टी चलाने में भी असफल रहने वाले राहुल की कोई क्यों करेगा जासूसी ...

राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी चलाने में असफल करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि कोई उनकी जासूसी क्यों करेगा। दरअसल पेगासस स्पाईवेयर को लेकर इन दिनों संसद में हर रोज विपक्ष की ओर से हंगामा किया जा रहा है।

By Monika MinalEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 09:36 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 09:36 AM (IST)
संबित पात्रा ने कसा तंज, कहा- कांग्रेस पार्टी चलाने में भी असफल रहने वाले राहुल की कोई क्यों करेगा जासूसी ...
कांग्रेस पार्टी चलाने में भी असफल रहने वाले राहुल की कोई क्यों करेगा जासूसी ...

 नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने कांग्रेस पार्टी के नेता और  वायनाड से सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनके जैसे शख्स की जासूसी कोईं क्योंं करेगा जो कांग्रेस पार्टी चलाने में भी असफल हैं। पात्रा ने पेगासस विवाद को विपक्ष का गलत उद्देश्य करार देते हुए आरोप लगाया कि कोविड महामारी से अधिक इस प्रकरण को महत्ता देकर विपक्षी पार्टियां लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाए गए सभी अहम बैठकों का कांग्रेस पार्टी ने बहिष्कार किया है। 

दरअसल एक दिन पहले ही कांंग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर पेगासस स्पाइवेयर के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने भारत के लोकतंत्र को छिन्न-भिन्न कर दिया। बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पात्रा ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने अहम मुद्दों पर कई बैठकें बुलाई लेकिन कांग्रेस ने इसका बहिष्कार किया। आप (राहुल गांधी) कह रहे हैं कि हमारे लिए पेगासस महत्वपूर्ण है कोविड नहीं। आप जनता की आवाज को दबा रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'यदि उनके फोन में ऐसा उपकरण है तो अब तक शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराते हैं केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं। कोई उनकी जासूसी क्यों करेगा? वो कांग्रेस पार्टी को चलाने में असमर्थ हैं। उनकी जासूसी से क्या फायदा होगा? राहुल जी आपको अपने फोन की जांच करानी चाहिए।'

भाजपा नेता ने विपक्ष पर यह कहकर हमला किया कि उनका मुख्य मकसद देश को वापस 'स्वर्ण युग' में लाने के लिए प्रयास करना नहीं है बल्कि अपने परिवार और बच्चों के लिए इंतजाम (settle) करना है जबकि प्रधानमंत्री मोदी का मुख्य मकसद भारत को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है।' इसके अलावा केरल में बढ़ते कोरोना संक्रमण के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि बकरीद के मौके पर प्रतिबंधों में छूट देने के कारण राज्य में संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हर दिन आने वाले 22 हजार से अधिक नए मामले देश में आ रहे मामलों का आधा है। 

chat bot
आपका साथी