खुर्शीद बोले- यूपी में प्रियंका ही हमारी कप्‍तान, गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करेगी कांग्रेस

सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस उत्‍तर प्रदेश में गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करेगी। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने को लेकर प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ही अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मुख्य प्रतिद्वंद्वी की भूमिका में होगी।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 04:14 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 11:48 PM (IST)
खुर्शीद बोले- यूपी में प्रियंका ही हमारी कप्‍तान, गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करेगी कांग्रेस
सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस उत्‍तर प्रदेश में गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करेगी।

नई दिल्‍ली, पीटीआइ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्‍तर प्रदेश में एक बेहतरीन चेहरा हैं और राज्य में पार्टी की कैप्‍टन हैं। सलमान खुर्शीद ने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस उत्‍तर प्रदेश में गठबंधनों के लिए इंतजार नहीं करेगी। कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने को लेकर प्रतिबद्ध है। कांग्रेस ही अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ मुख्य प्रतिद्वंद्वी की भूमिका में होगी। 

सलमान खुर्शीद ने कहा कि प्र‍ियंका गांधी खुद ही यह तय करेंगी कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह मतदाताओं के बीच किस तरह जाएंगी। यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री पद के चेहरे के लिए प्रियंका गांधी सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं तो खुर्शीद ने कहा कि जब तब वह हमें कोई संकेत नहीं देतीं तब तक मैं इसका जवाब नहीं दूंगा लेकिन वह एक अद्भुत, बेहतरीन चेहरा हैं। खुर्शीद ने कहा कि एक तरफ योगी आदित्यनाथ का चेहरा रखें और दूसरी तरफ प्रियंका गांधी की तस्वीर... आपको सभी सवालों के जवाब मिल जाएंगे।

खुर्शीद ने कहा कि मैं आशा करता हूं कि वह फैसला करेंगी और हमें जानकारी देंगी। जहां तक हमारा सवाल है तो वह हमारी कप्तान हैं और हमारा नेतृत्व कर रही हैं। यूपी में गठबंधन की संभावना को लेकर पूछे जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि मेरी जानकारी मुताबिक कांग्रेस की किसी दल के साथ बातचीत नहीं चल रही है। हां यदि पार्टी नेतृत्व कोई फैसला करता है तो बात अलग है। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सपा के साथ गठबंधन कर के चुनाव लड़ा था।

खुर्शीद का यह इंटरव्‍यू ऐसे वक्‍त में सामने आया है जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कह चुके हैं कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बसपा जैसे बड़े दलों के साथ गठबंधन नहीं करेगी। सनद रहे कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल सात सीटें मिली थीं जबकि सपा ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बीते दिनों कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने पार्टी में सुधार की आवाज उठाने वाले जी-23 के नेताओं को आड़े हाथ लिया था। खुर्शीद ने कहा था कि केवल सवाल उठाकर ही पार्टी में सुधार नहीं होगा।

chat bot
आपका साथी