2021 के चुनाव में चमत्कार करेंगे तमिलनाडु के लोग: रजनीकांत

सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा है कि राज्य में वर्ष 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की जनता ऐसा चमत्कार करेगी।

By Manish PandeyEdited By: Publish:Thu, 21 Nov 2019 10:17 PM (IST) Updated:Thu, 21 Nov 2019 10:17 PM (IST)
2021 के चुनाव में चमत्कार करेंगे तमिलनाडु के लोग: रजनीकांत
2021 के चुनाव में चमत्कार करेंगे तमिलनाडु के लोग: रजनीकांत

चेन्नई, पीटीआइ। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा है कि राज्य में वर्ष 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की जनता ऐसा चमत्कार करेगी कि राजनीतिक दल अचंभित रह जाएंगे। इस टिप्पणी से माना जा रहा है कि रजनीकांत विधानसभा चुनाव से पहले अपने समकक्ष एमएनएम प्रमुख कमल हसन के साथ राजनीतिक गठबंधन के लिए तैयार हैं।

वर्ष 2021 में अपनी पार्टी को चुनावी मैदान में उतारने की घोषणा कर चुके रजनीकांत ने यहां हवाईअड्डे पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मक्कल निधि माइम (एमएनएम) के साथ गठबंधन और सत्ता की साझीदारी की बात चुनाव के दौरान तय की जाएगी। हसन के साथ गठबंधन की स्थिति में राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा के सवाल पर रजनीकांत ने कहा कि इस पर चुनाव के दौरान ही चर्चा की जाएगी।

रजनीकांत और कमल हसन के साथ काम करने के संकेत 

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को रजनीकांत व कमल हसन ने राज्य के हित में साथ काम करने के संकेत दिए थे। दोनों ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर वे हाथ मिलाने को तैयार हैं। राज्य में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक को दोनों अभिनेताओं की राजनीतिक करीबी रास नहीं आ रही है। पार्टी ने अपने मुखपत्र नमातु अम्मा में गुरुवार को एक लेख में कहा कि रजनीकांत की आध्यात्मिक राजनीति और हसन की वामपंथ समर्थक राजनीति गठबंधन के बावजूद रंग नहीं ला पाएगी। यह गठबंधन चूहा-बिल्ली की दोस्ती जैसा होगा।

तो फिर सत्ता में आएगी अन्नाद्रमुक: सीएम                              

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने गुरुवार को दिए गए रजनीकांत के बयान की व्याख्या अन्नाद्रमुक के पक्ष में की। उन्होंने कहा कि चमत्कार का मतलब है कि वर्ष 2021 में अन्नाद्रमुक लगातार तीसरी बार सत्ता में आ रही है। वह तूतीकोरिन में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।

chat bot
आपका साथी