PM Modi Birthday : पीएम मोदी का जन्‍मदिन आज, टीकाकरण अभियान को रफ्तार देगी भाजपा, देशभर में कई कार्यक्रम

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर टीकाकरण अभियान में और मजबूती लाने की गुजारिश की। उन्‍होंने कहा- आइए वैक्सीन सेवा के तहत जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली है उनको टीका लगवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन का उपहार देते हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 10:17 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 05:41 AM (IST)
PM Modi Birthday : पीएम मोदी का जन्‍मदिन आज, टीकाकरण अभियान को रफ्तार देगी भाजपा, देशभर में कई कार्यक्रम
भाजपा पीएम मोदी के 71वें जन्मदिन पर शुक्रवार से 20 दिनों का 'सेवा और समर्पण' अभियान चलाएगी।

नई दिल्‍ली, जेएनएन। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र का जन्मदिन भाजपा पूरे देश में अनूठे ढंग से मनाएगी। इसी क्रम में बिहार, मध्य प्रदेश समेत देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में टीकाकरण अभियान में तेजी लाई जाएगी। मध्‍य प्रदेश में 71 लाख तो बिहार में 30 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में तो उनका जन्मदिन किसी उत्सव से कम न होगा। शाम छह बजे भारत माता मंदिर में 71 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रमुख 71 मंदिरों में आरती व दीप जलाए जाएंगे। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की ओर से मुस्लिम महिलाएं लमही में भी उत्सव मनाएंगी।

'सेवा और समर्पण' अभियान चलाएगी भाजपा

भाजपा पीएम मोदी के 71वें जन्मदिन पर शुक्रवार से सात अक्टूबर तक लोगों के बीच जाकर 20 दिनों का 'सेवा और समर्पण' अभियान चलाएगी। भाजपा ने इस मौके को सेलिब्रेट करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं को कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान में बढ़चढ़ कर सहयोग करने का आह्वान किया है। भाजपा प्रधानमंत्री के सार्वजनिक कार्यालय में दो दशक पूरा करने का भी जश्न मनाएगी।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने की यह अपील 

समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर टीकाकरण अभियान में और मजबूती लाने की गुजारिश की। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने ट्वीट कर कहा- सबको टीका, मुफ्त टीका की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को सौगात दी है। शुक्रवार को हम सबके प्रिय प्रधानमंत्री का जन्मदिन है। आइए 'वैक्सीन सेवा' के तहत जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली है उनको और समाज के सभी तबकों को टीका लगवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन का उपहार देते हैं।

वाराणसी में दीर्घायु की कामना

इसके अतिरिक्त उत्‍तर प्रदेश के अन्य जिलों में कई क्रार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वाराणसी में लोग 'आपको हमारी उमर लग जाए' के संकल्प के साथ अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर पीएम की दीर्घायु की ईश्वर से कामना करेंगे। इसके लिए भाजपा ने व्यापक तैयारियां की हैं। भाजपा मध्य प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। प्रधानमंत्री को सबसे बड़ा उपहार लोगों को 71 लाख कोरोना रोधी टीके लगवाने का है।

सात अक्टूबर तक सेवा और समर्पण अभियान

'सेवा से समर्पण अभियान' के तहत भाजपा और यूपी सरकार ने यह लक्ष्य तय किया है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री और 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मतिथि है। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक पार्टी सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। 17 सितंबर को धर्मस्थलों में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। बिहार में भी स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चलाकर 30 लाख लोगों को टीकाकरण करेगा।

गंगा में छोड़ी जाएंगी 71 हजार मछलियां

पीएम के जन्मदिन पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) गंगा में 71 हजार मछलियों को प्रवाहित करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि मछुआरा समाज के रोजगार को बढ़ावा मिले, इसके लिए यह कार्य किया जा रहा है।

72 हजार मंदिरों में दीपोत्सव

बिहार में सरकार के साथ भाजपा व एनडीए के सहयोगी दलों में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन को धूमधाम से व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी है। भाजपा के 72 हजार बूथ अध्यक्ष मंदिरों में शुक्रवार की शाम दीपोत्सव का आयोजन करेंगे। कोरोना टीकाकरण केंद्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होर्डिग और भाजपा के सभी 45 जिला कार्यालयों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पीएम के जन्मदिन पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता हाई कोर्ट के पास मजारशरीफ पर शुक्रवार को 71 चादर चढ़ाएंगे।

पीएम श्री @narendramodi के 71वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितम्बर 2021 को नमो ऐप पर उनके जीवन पर आधारित वर्चुअल प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जरूर देखिए!

नमो ऐप डाउनलोड करने के लिए 18002090920 पर मिस्ड कॉल करें। pic.twitter.com/ne8dNizIAR

— BJP (@BJP4India) September 16, 2021

नमो एप पर वर्चुअल प्रदर्शनी 

भाजपा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर को नमो ऐप पर उनके जीवन पर आधारित वर्चुअल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाती रही है। इसके तहत देश भर में सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। चूंकि मौजूदा वक्‍त में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण एक बड़ा हथियार साबित हुआ है इसलिए इस अभियान को मजबूती देकर पीएम मोदी के जन्‍मदिन को यादगार बनाना चाहती है।

कई कार्यक्रम आयोजित करेगी गुजरात भाजपा

पीएम मोदी के जन्‍मदिन पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार को अहमदाबाद में सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना की शुरुआत करेंगे। करीब 25 हजार लोगों को इस योजना से जोड़ेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल भी वहां मौजूद रहेंगे। पाटिल प्रधानमंत्री की जन्म तिथि पर चार शहरों-अहमदाबाद, मेहसाणा, वडोदरा व सूरत के कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक पाटिल करीब 500 किलोमीटर की यात्रा तय कर चार शहरों के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

उपहारों और स्मृति-चिह्नों की ई-नीलामी

वहीं केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों और स्मृति-चिह्नों की ई-नीलामी करने जा रहा है। इनमें पदक जीतने वाले ओलिंपियन और पैरालिंपियन के स्पो‌र्ट्स गियर और उपकरण, अयोध्या में राम मंदिर की प्रतिकृति, चारधाम, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, माडल, मूर्तियां, पेंटिंग, अंगवस्त्र आदि शामिल हैं। कोई भी इच्छुक व्यक्ति या संगठन 17 सितंबर से सात अक्टूबर के बीच वेबसाइट 'पीएममेमेंटोस डाट जीओवी डाट इन' के माध्यम से ई-नीलामी में भाग ले सकता है।' ई-नीलामी से प्राप्त धनराशि नमामि गंगे मिशन को दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी