पीएल पुनिया बोले- यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा ही चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा होंगी

कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख पीएल पुनिया ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा ही चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा होंगी क्‍योंकि मौजूदा वक्‍त में वह यूपी में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक शख्‍सि‍यत हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 03:55 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 04:22 PM (IST)
पीएल पुनिया बोले- यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा ही चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा होंगी
उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा ही चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा होंगी।

नई दिल्‍ली, पीटीआइ। कांग्रेस ने उत्‍तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का फैसला किया है। कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख पीएल पुनिया ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा ही चुनाव प्रचार अभियान का चेहरा होंगी क्‍योंकि मौजूदा वक्‍त में वह यूपी में सबसे लोकप्रिय राजनीतिक शख्‍सि‍यत हैं।

पुनिया ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में बिरले ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा की है। यूपी में भी अब तक किसी को सीएम कंडिडेट घोषित नहीं करने से पार्टी की संभावनाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा क्योंकि पार्टी के पास पहले से ही प्रियंका गांधी जैसी शख्सियत है जो भाजपा के खिलाफ आरोप का नेतृत्व कर रही है। 

पुनिया ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि यूपी चुनावों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है क्योंकि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ही पिछड़ गए हैं और लड़ाई में कहीं नहीं हैं। प्रियंका गांधी ने सभी मुद्दों पर पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है जब लखीमपुर खीरी की घटना हुई तब वह पीड़ितों के परिवार से मिलने के लिए तुरंत रवाना हो गईं। उन्हें सीतापुर में हिरासत में ले लिया गया लेकिन न्याय की लड़ाई में वह पीछे नहीं हटीं।

पीएल पुनिया ने कहा कि प्रियंका अपने संघर्ष में सफल रहीं और पीड़ित परिवारों से मिलने लखीमपुर खीरी और बहराइच गई थीं। सोनभद्र, उन्नाव या हाथरस की घटनाओं में भी प्रियंका ने न्याय के लिए लड़ाई लड़ी थी। यही कारण है कि लोग उनसे प्रभावित हैं। मौजूदा वक्‍त में पूरे यूपी में प्रियंका से ज्यादा लोकप्रिय कोई राजनेता नहीं है। जहां तक सवाल यूपी में विधानसभा चुनाव प्रचार का है तो प्रियंका गांधी हर समय प्रचार अभियान के लिए उपलब्ध हैं।

उल्‍लेखनीय है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पांच समितियां गठित की हैं। कांग्रेस ने पीएल पुनिया को बड़ी जिम्‍मेदारी सौंपते हुए उन्‍हें यूपी चुनाव अभियान समिति का चेयरमैन बनाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के नेतृत्व में घोषणा पत्र समिति बनाई गई है। वहीं पूर्व सांसद राजेश मिश्रा के नेतृत्व में चुनाव रणनीति एवं योजना समिति, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री की अध्‍यक्षता में चुनाव समन्वय समिति और आचार्य प्रमोद कृष्णन की अगुवाई में चार्जशीट कमेटी का गठन किया है।

chat bot
आपका साथी