नेहरू ने कहा था, सरकार के निर्देश पर निर्भर है आरबीआइ की स्वायत्तता

शीर्ष अधिकारी ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू ने ही जोर देकर कहा था कि केंद्रीय बैंक को स्वायत्तता है, लेकिन यह सरकार के निर्देश पर भी निर्भर है

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 05 Nov 2018 11:40 PM (IST) Updated:Mon, 05 Nov 2018 11:40 PM (IST)
नेहरू ने कहा था, सरकार के निर्देश पर निर्भर है आरबीआइ की स्वायत्तता
नेहरू ने कहा था, सरकार के निर्देश पर निर्भर है आरबीआइ की स्वायत्तता

 नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस की ओर से आरबीआइ की स्वायत्तता में हस्तक्षेप के आरोपों का सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने जवाब दिया है। शीर्ष अधिकारी ने सोमवार को कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने ही जोर देकर कहा था कि केंद्रीय बैंक को स्वायत्तता है, लेकिन यह सरकार के निर्देश पर भी निर्भर है। उनकी टिप्पणी आज भी सत्य है।

अपना नाम जाहिर नहीं होने देने की शर्त पर शीर्ष अधिकारी ने नेहरू काल से लेकर यूपीए तक की सरकारों के समय केंद्रीय बैंक के साथ नीतियों के मुद्दे पर चले टकराव का उदाहरण दिया। इस कारण तत्कालीन आरबीआइ गवर्नर को इस्तीफा देना पड़ा था।

अधिकारी ने कहा कि 1957 में नेहरू ने आरबीआइ के तत्कालीन गवर्नर के साथ एक प्रस्ताव को लेकर उत्पन्न टकराव में अपने वित्त मंत्री टीटी कृष्णामचारी का समर्थन किया था। तब बेनेगल रामा राउ ने इस्तीफा दे दिया था।

राउ द्वारा आरबीआइ की स्वायत्तता पर जोर देने के जवाब में नेहरू ने कहा था कि केंद्रीय बैंक निश्चित रूप से स्वायत्त है। लेकिन यह सरकार के निर्देश पर भी निर्भर है। उर्जित पटेल के साथ मतभेद पर नरेंद्र मोदी सरकार के कदम के बारे में पूछने पर अधिकारी ने कहा, 'नेहरू ने जो कहा था वह आज भी सत्य है।'

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर संस्थान को तबाह करने का आरोप लगाया है। डिप्टी गवर्नर द्वारा केंद्रीय बैंक की स्वायत्तता के बारे में चिंता जताने के बाद मोदी सरकार और आरबीआइ के बीच उत्पन्न मतभेद सार्वजनिक हुआ।

डिप्टी गवर्नर ने चेतावनी दी कि केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता का आदर नहीं करने वाली सरकारें तुरंत या बाद में वित्तीय बाजार के कोप का शिकार बनेंगी।

chat bot
आपका साथी