कर्नाटक के कांग्रेस विधायक गिरफ्तार, साथी विधायक पर जानलेवा हमला करने का है आरोप

विधायक की गिरफ्तारी के लिए 18 पुलिस अधिकारियों की टीम ने मुंबई, गोवा, बेल्लारी और हैदराबाद में कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Wed, 20 Feb 2019 07:51 PM (IST) Updated:Wed, 20 Feb 2019 07:51 PM (IST)
कर्नाटक के कांग्रेस विधायक गिरफ्तार, साथी विधायक पर जानलेवा हमला करने का है आरोप
कर्नाटक के कांग्रेस विधायक गिरफ्तार, साथी विधायक पर जानलेवा हमला करने का है आरोप

बेंगलुरु, प्रेट्र। अपनी पार्टी के एक अन्य विधायक पर हमला करने के आरोप के बाद फरार चल रहे कांग्रेस विधायक जेएन गणेश को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि बेल्लारी जिले से आने वाले गणेश ने 20 जनवरी को अपने गृह जिले के ही एक अन्य विधायक आनंद सिंह पर जानलेवा हमला किया था। यह घटना तब हुई थी जब भाजपा की कथित खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए कांग्रेस ने अपने विधायकों को शहर के बाहरी इलाके में स्थित ईगलटन रिसॉर्ट में रोक रखा था।

सेंट्रल रेंज के आइजी बी दयानंद ने विधायक की गिरफ्तार की पुष्टि की है। हालांकि उन्हें कहां से गिरफ्तार किया गया है, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विधायक की गिरफ्तारी के लिए 18 पुलिस अधिकारियों की टीम ने मुंबई, गोवा, बेल्लारी और हैदराबाद में कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार गणेश ने आनंद सिंह पर घूंसे और गुलदस्ते से हमला करने के साथ ही आंख पर भी जोरदार प्रहार किया था। आनंद की छाती पर लात भी मारने का आरोप है। अपनी शिकायत में आनंद का आरोप था कि गणेश को इस बात का संदेह था कि वह उन्हें राजनीतिक तौर पर खत्म करना चाहते हैं।

गणेश इस बात से भी नाराज चल रहे थे कि पिछले साल हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में आनंद ने आर्थिक रूप से उनकी मदद नहीं की। गंभीर रूप से घायल सिंह को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आनंद सिंह की शिकायत पर पुलिस ने गणेश के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।

chat bot
आपका साथी