भाजपा अध्यक्ष के रूप में एक साल पूरा होने पर जेपी नड्डा ने बंगाल में कमल खिलाने का लिया प्रण

भाजपा अध्यक्ष के रूप में एक साल पूरा होने के अवसर पर जेपी नड्डा ने कहा कि बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। जनता ममता बनर्जी की निर्दयी सरकार को चुनाव में उखाड़ फेंकेगी और बंगाल में कमल खिलेगा।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 20 Jan 2021 10:22 PM (IST) Updated:Wed, 20 Jan 2021 10:22 PM (IST)
भाजपा अध्यक्ष के रूप में एक साल पूरा होने पर जेपी नड्डा ने बंगाल में कमल खिलाने का लिया प्रण
भाजपा की उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया श्रेय।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष के रूप में एक साल पूरा होने के अवसर पर जेपी नड्डा ने इस अवधि में पार्टी की उपलब्धियां गिनाई हैं। इनका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने बंगाल में मारे गए कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देते हुए कार्यकर्ताओं के नाम लिखे खुले पत्र में प्रण लिया है कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता 'तानाशाह तृणमूल सरकार' को उखाड़ फेंकेगी और कमल खिलेगा।

नड्डा ने भाजपा की उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया श्रेय 

नड्डा ने बताया कि कोरोना काल के दौरान किस तरह कार्यकर्ता राजनीतिक गतिविधियों से अलग हटकर जनता की सेवा के लिए सक्रिय हुए। कार्यकर्ताओं ने न केवल 30 करोड़ लोगों तक फूड पैकेट वितरित किए, बल्कि लाखों बुजुर्गों और जरूरतमंदों की हरसंभव मदद की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 'सेवा ही संगठन' के आह्वान पर किस तरह पार्टी के कार्यकर्ता सबसे विषम परिस्थिति में भी जनता के साथ खड़े रहे। उनके अनुसार इस दौरान मोदी सरकार न सिर्फ दूसरे देशों की तुलना में कोरोना के दुष्प्रभाव को थामने में सफल रही, बल्कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर विज्ञानियों ने एक साल के भीतर दो-दो स्वदेशी वैक्सीन देकर देश को दुनिया के चुनिंदा देशों में शामिल भी किया।

मोदी के नेतृत्व में चुनावों में भाजपा की जीत का अभियान जारी

उनके अनुसार कोरोना काल में तमाम प्रतिबंधों और रुकावटों के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चुनावों में भाजपा की जीत का अभियान जारी रहा। बिहार विधानसभा चुनाव, 11 राज्यों में हुए उपचुनाव और 10 स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने जीत का परचम लहराया। इसके साथ ही भाजपा इस एक साल में सीएए, कृषि कानून और चीन के साथ सीमा विवाद पर कांग्रेस व अन्य विपक्षी पार्टियों के दुष्प्रचार को जनता के सामने उजागर करने में सफल रही।

नड्डा ने कहा- बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की शहादत नहीं जाएगी व्यर्थ

पिछले साल की उपलब्धियों के साथ ही नड्डा ने पार्टी की आगे की चुनौतियों और लक्ष्य की रूपरेखा भी सामने रखी। इस सिलसिले में उन्होंने खासतौर पर बंगाल में राजनीतिक हिंसा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के मारे जाने पर संवेदना जताई। उनके मुताबिक अभी तक बंगाल में भाजपा के 300 कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं की मुश्किलों के बारे में बताते हुए नड्डा ने कहा कि जब दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का अध्यक्ष होने के बावजूद दिन के उजाले में उन पर हमला हो सकता है तो सामान्य कार्यकर्ताओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने प्रण लिया कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने देगी। जनता ममता बनर्जी की निर्दयी सरकार को चुनाव में उखाड़ फेंकेगी और बंगाल में कमल खिलेगा। इसी तरह असम, तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा की विजय यात्रा जारी रहेगी।

chat bot
आपका साथी