बंधक बनाकर रखने के आरोपों पर बोले पूर्व भाजपा विधायक, बेटी को लव जिहाद में फंसाया गया

पूर्व BJP MLA सुरेंद्रनाथ सिंह ने बंधक बनाकर रखे जाने के आरोपों पर कहा है कि उनकी बेटी को लव जिहाद में फंसाया गया है। उन्‍होंने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Tue, 22 Oct 2019 09:14 AM (IST) Updated:Tue, 22 Oct 2019 09:17 AM (IST)
बंधक बनाकर रखने के आरोपों पर बोले पूर्व भाजपा विधायक, बेटी को लव जिहाद में फंसाया गया
बंधक बनाकर रखने के आरोपों पर बोले पूर्व भाजपा विधायक, बेटी को लव जिहाद में फंसाया गया

भोपाल, जेएनएन। पूर्व भाजपा विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह ने बेटी के बंधक बनाकर रखे जाने के आरोपों पर कहा है कि उनकी बेटी को लव जिहाद में फंसाया गया है। बता दें कि बेटी ने पिता पर दस साल तक बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाते हुए हाई कोर्ट में सुरक्षा की गुहार लगाई है। सुरेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि भोपाल में चल रहे हुक्का लाउंज तत्काल बंद कराए जाए। ये लव जेहाद का बड़ा कारण भी है। उन्‍होंने कहा कि मेरी बेटी को भी लव जिहाद में फंसाया गया।

पूर्व भाजपा विधायक ने चेतावनी दी कि आज यानी मंगलवार तक हुक्का लाउंज बंद नहीं कराए गए तो जनता बंद करा देगी। उन्‍होंने अभिभावकों से अपील की कि हुक्का बार में बच्चों का भविष्य खराब किया जा रहा है इसलिए वे अपने बेटे बेटियों को ऐसी जगहों पर नहीं जाने दें। उन्‍होंने आरोप लगाया कि वहां हिंदू युवतियों को लव जेहाद का शिकार बना लिया जाता है। हुक्का बारों में फ्लेवर के नाम पर ड्रग्स दी जाती है।

सुरेंद्रनाथ सिंह ने विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि मेरी बेटी का मामला भी लव जेहाद का है। उसे बहला फुसलाकर लव जेहाद में फंसाया गया है। उन्‍होंने कहा कि यदि मेरी बेटी वापस आती है तो मैं उसकी बेहतर परवरिश करूंगा। पूर्व भाजपा विधायक सिंह ने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को आपराधिक पृष्ठभूमि का शख्‍स बताया। उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद लव जेहाद को बढ़ावा दे रहे हैं।

दरअसल, पूर्व भाजपा विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह की बेटी भारती सिंह ने शनिवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में एक याचिका दायर करके पिता पर खुद को बंधक बनाकर रखे जाने का आरोप लगाया। उसने याचिका में हाई कोर्ट से सुरक्षा की गुहार लगाई। बेटी का आरोप है कि पिता ने उसे 10 साल तक बंधक बनाकर रखा। बेटी का कहना है कि उस पर विवाह के लिए दबाव बनाया जा रहा है जबकि वह विवाह नहीं करना चाहती है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसको भोपाल के हजेला अस्पताल में बेहोशी का इंजेक्शन दिया जाता था। 

chat bot
आपका साथी