राज्य सेवा परीक्षा के लिए एक जनवरी 2020 से हो आयु की गणना, दिग्विजय ने शिवराज चौहान को लिखा पत्र

पत्र में दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि आयु की गणना एक जनवरी 2021 के आधार पर करने से बड़ी संख्या में प्रदेश के नौजवान उच्चतम आयु सीमा पार करने के कारण परीक्षा देने से वंचित हो जाएंगे।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 10:19 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 10:19 PM (IST)
राज्य सेवा परीक्षा के लिए एक जनवरी 2020 से हो आयु की गणना, दिग्विजय ने शिवराज चौहान को लिखा पत्र
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और मुख्यमंत्री शिवराज चौहान की फाइल फोटो

भोपाल, राज्य ब्यूरो। राज्य लोक सेवा आयोग की वर्ष 2020 की राज्य सेवा परीक्षा के लिए आयु की गणना एक जनवरी 2020 से की जाए। यह मांग पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर की है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि आयु की गणना एक जनवरी 2021 के आधार पर करने से बड़ी संख्या में प्रदेश के नौजवान उच्चतम आयु सीमा पार करने के कारण परीक्षा देने से वंचित हो जाएंगे। इसके लिए सरकार कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर आयु की गणना वर्ष में संशोधन करने का निर्णय करे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में राज्य सिविल सेवा के लिए जब 2019 में विज्ञापन निकाला तो उसमें 2018 की रिक्तियां भी शामिल कर ली गई थीं। इस परीक्षा के लिए आयु की गणना एक जनवरी 2019 से करनी थी लेकिन यह एक जनवरी 2020 के आधार पर की गई। इसी क्रम में अब 2020 की परीक्षा में एक जनवरी 2021 से आयु सीमा तय की है।

युवाओं में है आक्रोश

वर्ष 2018 में परीक्षा नहीं हुई, जिससे बड़ी संख्या में युवा अधिकतम आयु सीमा पार करने से वर्ष 2019 की परीक्षा में अपात्र हो गए। यही स्थिति इस बार भी बन रही है, जिसे लेकर युवाओं में आक्रोश है। वैसे भी प्रदेश में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने के बाद भी शासकीय सेवा के लिए भर्ती नहीं हो रही है।

रोजगार कार्यालयों में 25 लाख से अधिक बेरोजगार पंजीकृत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य सेवा परीक्षा 2020 और जून 2021 में जारी होने वाले परीक्षा के विज्ञापन के लिए भी आयु की गणना एक जनवरी 2020 से ही करने का निर्णय लेने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी