भाजपा महाकुंभ में बोले मोदी, क्या दूसरे देश तय करेंगे हिंदुस्तान का पीएम

भाजपा महाकुंभ के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में वोट बैंक की राजनीति ने समाज को दीमक की तरह तबाह कर दिया है ।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 24 Sep 2018 05:19 PM (IST) Updated:Wed, 26 Sep 2018 12:06 AM (IST)
भाजपा महाकुंभ में बोले मोदी, क्या दूसरे देश तय करेंगे हिंदुस्तान का पीएम
भाजपा महाकुंभ में बोले मोदी, क्या दूसरे देश तय करेंगे हिंदुस्तान का पीएम

नई दुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि 125 साल की कांग्रेस की स्थिति यह हो गई कि पराजय के भय से गठबंधन के लिए छोटे-छोटे दलों के पैर पकड़ रही है।

देश में जब गठबंधन की संभावना नहीं दिखी तो विदेश जाकर मेरे खिलाफ गठबंधन किए जा रहे हैं। अब क्या दूसरे देश तय करेंगे कि हिंदुस्तान का पीएम कौन बनेगा? उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से देश को बचाना है। इस दौरान उन्होंने चुनावी शंखनाद करते हुए कार्यकर्ताओं को अपना बूथ मजबूत करने का मंत्र दिया। 

मोदी ने महागठबंधन, वोट बैंक की राजनीति, अगड़े-पिछड़े का भेद और तीन तलाक जैसे मुद्दे पर भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बोले, बोझ हो गई कांग्रेस ने सत्ता के साथ संतुलन ही खो दिया है। विकास पर बहस के बजाय मुझे गाली देने और कीचड़ उछालने में लगे हैं , लेकिन जितना कीचड़ उछालेंगे, कमल उतना ही खिलेगा।

प्रधानमंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि वोट बैंक की राजनीति समाज को दीमक की तरह खा रही है। इस दौरान मोदी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मप्र के संगठन की जमकर तारीफ की। जंबूरी मैदान में आयोजित महाकुंभ को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी संबोधित किया।

'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' पर करें फोकस
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए कहा कि 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' पर ही फोकस करें। हम धनबल से नहीं जनबल से चुनाव जीतेंगे। आंधी-तूफान आए, जातिवाद हो, नोटों का ढेर लगा दें, लेकिन मेरे बूथ पर भाजपा का झंडा झुकने नहीं देना है।

देश का भला नहीं करेगा अगड़े-पिछड़े का भेद 
उन्होंने कांग्रेस का बगैर नाम लिए उस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए समाज को तोड़ने का आरोप लगाया। कहा कि वोट बैंक की राजनीति समाज को दीमक की तरह खा रही है। इससे देश को मुक्त कराना भाजपा की विशेष जिम्मेदारी है। एट्रोसिटी के मुद्दे को छुए बिना बोले, अगड़े-पिछड़े का भेद देश का भला नहीं करेगा। तीन तलाक पर बोले-जुल्म रुकना चाहिए मोदी बोले, इस्लामिक देशों में भी तीन तलाक मंजूर नहीं है। कांग्रेस की मुखिया ने महिला होने के बावजूद मुस्लिम बहनों की चिंता नहीं की थी। वोट बैंक की राजनीति का यह विकृत रूप है। जुल्म रुकना चाहिए, मां-बेटी और हिंदू-मुसलमान का भेद क्यों? ,

मंजूर हैं बापू, लोहिया और दीनदयाल
मोदी ने महात्मा गांधी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के साथ समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया को भी याद किया। कहा, हमें गांधी, लोहिया और दीनदयाल मंजूर हैं। समन्वय और सामाजिक न्याय में हमारा विश्वास है। अटलजी, राजमाता व ठाकरे को किया याद मोदी ने कहा, मप्र में पहला चुनाव है, जब अटलजी नहीं हैं। हम राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जन्मशती देशभर में मनाएंगे। मूल्यों के लिए वह जेल गई। कांग्रेस के सामने कभी झुकी नहीं। उन्होंने पार्टी के पितृपुरुष कुशाभाऊ ठाकरे को भी याद किया।

इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जीत का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, 'आज हम सब संकल्प लेकर जाए कि आने वाले पांच विधानसभा चुनावों और 2019 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फिर से ऊंचा करने का काम करें।' उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को देश के हर बूथ और हर गांव तक पहुंचाने का काम हम सभी कार्यकर्ताओं को करना है। 

भाजपा की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'जो पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई थी, आज वो 11 करोड़ कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है या एक दृष्टि से देखें तो भारत के मानचित्र के 70 फीसद भू-भाग पर मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है।' शाह ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा,' पूरे विश्व में देश का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाने का काम देश के प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।' उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने कोई भी ऐसा काम नहीं किया है जिससे हमारे कार्यकर्ता का सर नीचा हो सके, पीएम मोदी और शिवराज जी ने इस प्रकार कार्य किया है कि हमारा कार्यकर्ता जनता के बीच सिर उठा के जा सके।

इस दौरान शाह ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, ' मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना देनी वाली कांग्रेस पार्टी क्या राजा, महाराजा या फिर उद्योगपतियों के नाम पर जनता से वोट मांगेगी।'

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी और अमित शाह की तारीफ के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष दोनों एक साथ यहां मौजूद हैं, ये दुर्लभ संयोग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीए के समय प्रदेश को उसका हिस्सा 30 हजार करोड़ रुपए मिलता था लेकिन मोदी सरकार आने के बाद अब प्रदेश को 61 हजार करोड़ रुपए मिल रहे हैं।

पहले रेलवे और सड़क के मामले में मप्र उपेक्षित था लेकिन आज हजारों करोड़ की परियोजनाएं मप्र में शुरू हुई। मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की जिससे अब गरीब लोगों को इलाज मिल रहा है। पीएम मोदी किसानों के लिए फसल बीमा योजना लेकर आए हैं जिसका फायदा किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भगवान के वरदान के रुप में मिले हैं।

भाजपा ही बनाएगा देश विश्व गुरु 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये नियति ने तय किया है कि भाजपा के नेतृत्व में ही देश विश्व गुरू बने।श्यामाप्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय की जोड़ी मिली। उसके बाद कुशाभाऊ ठाकरे, सुंदरलाल पटवा जैसा कुशल नेतृत्व प्रदेश को मिला। इसके बाद अटलजी, आडवाणीजी की जोड़ी आई। इस जोड़ी के नेतृत्व में पहली बार हमारी सरकार बनी। अब आई है मोदीजी और अमित शाह की जोड़ी जिन्होंने भाजपा को नई ऊंचाईयां दी। आज देश विश्व गुरू बनने की राह पर है।

राहुल को दिया करारा जवाब 
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कुछ दिन पहले 'बाबा'' भी यहां आए थे, लेकिन उस समय भीड़ केवल सड़कों तक सीमित रह गई। कांग्रेस ने सभा के लिए हिम्मत भी की तो दशहरा मैदान की। उन्होंने कहा- हमें लगा कि बाबा परिपक्व हो गए होंगे, लेकिन वो देश को मजाक और राजनीति को तमाशा समझते हैं।

मोदीजी को गले लगाने के बाद उन्होंने आंखों से जैसी हरकत की उससे पूरा देश शर्मसार हुआ। मध्यप्रदेश में वो शिवभक्त बनकर आए। कैलाश गए तो वहां के फोटो, वीडियो वायरल करते हो, जब विदेश जाते हो तो वहां के फोटो क्यों नहीं वायरल करते।

राहुल तो फन मशीन हैं 
सीएम यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि जिन्हें ये नहीं पता कि मूली जमीन के ऊपर उगती है या नीचे.. वो किसानों की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी ने मुझे घोषणा मशीन कहा, लेकिन बाबा तो फन मशीन हैं। उन्होंने कहा - मैं घोषणा मशीन हूं लेकिन हम घोषणा के साथ पोषणा भी करते हैं।
हमने सड़क, बिजली, किसान सबके लिए घोषणा की और उन्हें पूरा किया। घोषणा कौन करता है, जिसके दिल और दिमाग में जुनून हो वह घोषणा करता है।

हमने नर्मदा को क्षिप्रा से जोड़ने की घोषणा की थी, जिसे हमने पूरा किया। कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने तो इस संभावना को सिरे से खारिज कर दिया था। हमने समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प लिया है जिसे हम पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। हमे बीमारू मध्यप्रदेश मिला था, लेकिन आज हमने इसे विकसित राज्य बनाया था। अगले 5 सालों में हम प्रदेश को समृद्ध मध्यप्रदेश बनाएंगे और देश के शीर्षस्थ राज्यों में पहुंचेंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि 2018 के चुनावों में पार्टी को प्रचंड बहुमत से जिताएंगे और चौथी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे। फिर उसके बाद 2019 में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष की झोली में डालेंगे।

स्टेट हैंगर पर स्वागत 
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विमान से और अमित शाह विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। पीएम मोदी, अमित शाह और अन्य सभी नेता स्टेट हैंगर से ही हेलीकॉप्टर से जंबूरी मैदान पर बने हेलीपैड पहुंचे। 

बता दें कि  इस आयोजन को 'कार्यकर्ता महाकुंभ' का नाम दिया गया है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भोपाल के जंबूरी मैदान पर 'कार्यकर्ता महाकुंभ' का आयोजन किया गया है । इस मौके पर जंबूरी मैदान पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के एकत्रित हुए हैं। इस सभा स्थल को देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की याद में 'अटल महाकुंभ परिसर' का नाम दिया गया है।

अटल बिहारी वाजपेयी का इसी अगस्त महीने में दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। सभा स्थल पर भाजपा के नेता स्वर्गीय अनिल माधव दवे के नाम पर एक प्रदर्शनी हॉल बनाया गया है। इस प्रदर्शनी में भाजपा के बड़े नेताओं की जीवन और उनकी उपलब्धियों को दिखाया गया है। इसमें अटल बिहारी वाजपेयी, पीएम मोदी और शिवराज सिंह चौहान शामिल हैं।

भाजपा के पांच स्तम्भों को दिखाया जाएगा 
इस प्रदर्शनी में दीन दयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुख़र्जी, अटल बिहारी वाजपेयी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया और कुशाभाऊ ठाकरे को भाजपा के पांच स्तम्भों के रूप में दर्शाया गया है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। लगभग 6000 सुरक्षाकर्मियों को पूरे आयोजन के लिए लगाया गया है।

6000 सुरक्षाकर्मियों में से 4000 सेंट्रल रिजर्व फोर्स के जवान हैं। कुल 22 आईपीएस अधिकारी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। मध्यप्रदेश में इस साल के आखिरी में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनावो को देखते हुए कांग्रेस और बीजेपी दोनों चुनावी तैयारी में जुट गए हैं।

chat bot
आपका साथी